उपायुक्त ने फॉर्म डिजिटाइजेशन विशेष कैंप का किया निरीक्षण।
18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की अपील, 10 अक्टूबर को साहिबगंज महाविद्यालय में लगेगा विशेष कैंप।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी दीपक कुमार दूबे ने बुधवार को साहिबगंज महाविद्यालय एवं मध्य विद्यालय छोटा पचगढ़ स्थित मतदान केंद्रों पर संचालित फॉर्म डिजिटाइजेशन विशेष कैंप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्वाचन कार्य में पूरी गंभीरता, तत्परता और पारदर्शिता बरतने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा साहिबगंज महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रपत्र-6 के माध्यम से आवेदन करने की जानकारी ली। उन्होंने अपील की कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और उन्होंने अब तक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन नहीं किया है, वे शीघ्र प्रपत्र-6 भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

उपायुक्त ने बताया कि 10 अक्टूबर 2026 को साहिबगंज महाविद्यालय में विशेष कैंप आयोजित किया जाएगा। कैंप में नए एवं छूटे हुए पात्र मतदाताओं से प्रपत्र-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में शामिल करने की कार्रवाई की जाएगी।
साहिबगंज महाविद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 104, 106, 107 एवं 108 पर संचालित विशेष कैंप का निरीक्षण करते हुए उपायुक्त ने बीएलओ के पास उपलब्ध प्रपत्र-6, प्रपत्र-7 एवं प्रपत्र-8 की जांच की। उन्होंने प्रपत्र-6 के साथ संलग्न घोषणा-पत्र एवं आवश्यक दस्तावेजों का भी अवलोकन किया।
इसके अलावा उन्होंने बोरियो विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 88 एवं 89 पर संचालित विशेष कैंप का निरीक्षण किया। यहां भी उन्होंने बीएलओ द्वारा एकत्र किए गए विभिन्न प्रपत्रों एवं संबंधित दस्तावेजों की जांच की तथा सभी प्राप्त प्रपत्रों का तत्काल डिजिटाइजेशन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने सभी बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र में घर-घर जाकर सत्यापन करने तथा पात्र मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों एवं बीएलओ को प्राप्त प्रपत्रों और संलग्न दस्तावेजों की निर्धारित नियमों के अनुरूप सावधानीपूर्वक जांच करने को कहा। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित, पारदर्शी एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
इस अवसर पर निर्वाची पदाधिकारी, बोरियो-सह-अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-प्रखंड विकास पदाधिकारी, साहिबगंज बासुकीनाथ टुडू सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।




