iRAD eDAR प्रणाली से सड़क दुर्घटना मामलों की कार्रवाई होगी और अधिक प्रभावी।
दुर्घटना डाटा की समयबद्ध प्रविष्टि, हिट एंड रन मामलों के प्रबंधन और पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा दिलाने पर दिया गया जोर।

साहिबगंज राजमहल। सड़क दुर्घटनाओं से संबंधित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई, सटीक डाटा प्रबंधन तथा दुर्घटना पीड़ितों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजमहल थाना परिसर में iRAD eDAR प्रणाली को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों को दुर्घटना मामलों की ऑनलाइन प्रक्रिया और पोर्टल पर आवश्यक जानकारी दर्ज करने की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान iRAD eDAR पोर्टल पर दुर्घटना से संबंधित डाटा को समय पर, सही एवं पूर्ण रूप से दर्ज करने, आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने तथा मुआवजा प्रक्रिया को सुगम बनाने के विभिन्न पहलुओं पर जानकारी दी गई। अधिकारियों को दुर्घटना मामलों की केस प्रोसेसिंग में तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक सावधानियों से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में एल्कोहल ब्रेथ एनालाइज़र के उपयोग एवं उससे संबंधित मानक प्रक्रिया की जानकारी दी गई। शराब के नशे में वाहन चलाने वाले चालकों की जांच तथा जांच से संबंधित जानकारी को दुर्घटना प्रबंधन प्रणाली में दर्ज करने की प्रक्रिया भी समझाई गई।
इसके अलावा हिट एंड रन मामलों के प्रभावी प्रबंधन, त्वरित कार्रवाई, आवश्यक सूचनाओं के संकलन एवं निर्धारित प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रशिक्षण में Good Samaritan नेक नागरिक से संबंधित प्रावधानों की जानकारी देते हुए सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले नागरिकों के अधिकारों एवं संरक्षण के संबंध में भी पुलिस पदाधिकारियों को बताया गया।
कार्यक्रम में राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, पुलिस पदाधिकारी, iRAD eDAR मैनेजर मनोज कुमार, NIC के प्रतिनिधि पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने बताया कि iRAD eDAR प्रणाली के प्रभावी उपयोग से सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े मामलों में बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिस पदाधिकारियों को तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक रूप से दक्ष बनाकर दुर्घटना मामलों की कार्रवाई को अधिक तेज, सटीक और परिणामोन्मुख बनाना है।



