Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

आकांक्षी प्रखंड एवं जिला कार्यक्रम की जमीनी प्रगति का जायजा लेने पहुंचे नीति आयोग के सलाहकार अनुराग सिंह।

शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े प्रमुख सूचकांकों की ली जानकारी, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं पर दिया जोर।

साहिबगंज। आकांक्षी प्रखंड एवं आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत जिले में संचालित विकास योजनाओं तथा विभिन्न Key Performance Indicators (KPIs) में हुई प्रगति का जमीनी स्तर पर जायजा लेने के लिए नीति आयोग के सलाहकार अनुराग सिंह ने गुरुवार को जिले का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का अवलोकन किया तथा संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से प्रगति की विस्तृत जानकारी ली।

भ्रमण के क्रम में नीति आयोग के सलाहकार अनुराग सिंह ने सर्वप्रथम मंडरो प्रखंड अंतर्गत UMS पुरबटोला का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं तथा शिक्षा के क्षेत्र में निर्धारित सूचकांकों के तहत हुई प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में शैक्षणिक गतिविधियों को और प्रभावी बनाने तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

इसके बाद उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र माथाडीह का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों एवं लाभुकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं, पोषण संबंधी गतिविधियों तथा आंगनवाड़ी केंद्र के माध्यम से संचालित योजनाओं की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मियों से लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचने की जानकारी लेते हुए पोषण एवं बाल विकास से जुड़े कार्यों में निरंतरता बनाए रखने के निर्देश दिए।

भ्रमण के अगले चरण में अनुराग सिंह ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तेतरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति तथा आम लोगों को मिल रही सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों से विभिन्न स्वास्थ्य सूचकांकों में हुई प्रगति की जानकारी लेते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर एवं प्रभावी बनाने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नीति आयोग के सलाहकार ने कहा कि आकांक्षी प्रखंड एवं आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देश्य विकास के विभिन्न क्षेत्रों में पिछड़े क्षेत्रों की स्थिति में तेजी से सुधार लाना तथा सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करते हुए योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया।

उन्होंने विशेष रूप से शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण सेवाओं की उपलब्धता, योजनाओं की निरंतर निगरानी तथा निर्धारित सूचकांकों में अपेक्षित परिणाम हासिल करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि केवल योजनाओं का संचालन पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका वास्तविक लाभ जरूरतमंद एवं अंतिम पंक्ति के लाभुकों तक पहुंचना भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

श्री सिंह ने विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निरंतरता बनाए रखने के साथ-साथ योजनाओं के प्रभाव का नियमित मूल्यांकन करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को जमीनी स्तर पर आने वाली समस्याओं की पहचान कर उनके त्वरित समाधान की दिशा में कार्य करने के निर्देश भी दिए।

इस दौरान जिला योजना पदाधिकारी अनूप कुमार, आकांक्षी प्रखंड फेलो मनीष कुमार सहित संबंधित पदाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!