भाजपा साहिबगंज जिला की मासिक बैठक संपन्न, संगठनात्मक कार्यक्रमों और तिरंगा यात्रा की तैयारियों पर हुई विस्तृत चर्चा।
13 अगस्त को जिला स्तर एवं 14 अगस्त को मंडल स्तर पर निकलेगी तिरंगा यात्रा, कार्यकर्ताओं को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश।

साहिबगंज। भारतीय जनता पार्टी, साहिबगंज जिला की मासिक बैठक जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव की अध्यक्षता में रॉबर्टसन क्लब, साहिबगंज में आयोजित की गई। बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा की तैयारियों तथा मंडल स्तर पर प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
बैठक के दौरान नवनियुक्त प्रदेश कार्यसमिति सदस्यों को पूर्व विधायक अनंत ओझा द्वारा अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर गणेश प्रसाद, कृपानाथ मंडल एवं मंडल मुर्मू को भी सम्मानित किया गया।
वहीं, जिला प्रभारी अमृत पांडेय ने सभी मंडल अध्यक्षों को ‘मन की बात’ की 100वीं कड़ी से संबंधित फाइल प्रदान की। राजमहल नगर अध्यक्ष को भी अंगवस्त्र एवं पुस्तक देकर सम्मानित किया गया।
बैठक में संत शिरोमणि गुरु रविदास की कलश यात्रा को रांची से साहिबगंज लाने में योगदान देने वाले श्यामल दास, बप्पी निर्मल एवं संजीव को भी सम्मानित किया गया।

आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के दौरान निर्णय लिया गया कि 13 अगस्त को जिला स्तर पर तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी, जबकि 14 अगस्त को जिले के सभी मंडलों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को सफल एवं प्रभावी बनाने के लिए सभी मंडल अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आगामी कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक आयोजित करने तथा राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में उत्साह एवं सक्रियता देखने को मिली।
बैठक में जिला अध्यक्ष गौतम कुमार यादव, पूर्व विधायक अनंत ओझा, जिला प्रभारी अमृत पांडेय, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गणेश प्रसाद, कृपानाथ, धर्मेंद्र, जिला महामंत्री शंखु एवं धनंजय कुमार मंडल, जिला उपाध्यक्ष नागेंद्र एवं रमिता, जिला मंत्री सागर, चांदनी देवी एवं उषा भारती, बप्पी निर्मल, संजीव सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा जिला संगठन की इस बैठक में आगामी कार्यक्रमों को लेकर स्पष्ट कार्ययोजना तय की गई और कार्यकर्ताओं से राष्ट्रहित एवं संगठन की मजबूती के लिए पूरी सक्रियता के साथ जुटने का आह्वान किया गया।




