Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

पाकुड़ में प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित, 7.81 लाख मतदाता शामिल।

05 अगस्त से 04 सितंबर तक दावा-आपत्ति का मौका, मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर 1,068 हुई।

पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के तहत पाकुड़ जिले की प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन बुधवार को सभी संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों द्वारा किया गया। प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने की प्रक्रिया 05 अगस्त से शुरू होकर 04 सितंबर 2026 तक चलेगी।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपने एवं परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचने की अपील की।

प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 7,81,740 मतदाता शामिल हैं। इनमें 3,86,534 पुरुष, 3,95,202 महिला तथा 4 तृतीय लिंग मतदाता हैं। वहीं 12,171 दिव्यांग मतदाता भी सूची में पंजीकृत हैं।

मतदाताओं की सुविधा और मतदान प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाने के उद्देश्य से जिले में मतदान केंद्रों की संख्या 1,014 से बढ़ाकर 1,068 कर दी गई है।

विशेष गहन पुनरीक्षण के गणना चरण में जिले के कुल 8,50,574 मतदाताओं में से 2,64,918 मतदाताओं का स्वयं (Mapped as Self) तथा 4,88,353 मतदाताओं का माता-पिता/वंशज (Mapped as Progeny) के माध्यम से सत्यापन किया गया। वहीं 28,469 मतदाता मैप नहीं हो सके।

सत्यापन के दौरान 68,834 मतदाताओं द्वारा गणना प्रपत्र जमा नहीं किया जा सका। इनमें 20,139 मृत, 32,666 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 4,554 अनुपलब्ध/अनुपस्थित, 11,433 पहले से नामांकित तथा 42 अन्य श्रेणी के मतदाता शामिल हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 01 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिक आवश्यक घोषणा-पत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा नाम हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित आवेदन भी निर्धारित प्रपत्रों में स्वीकार किए जाएंगे।

मतदाताओं की सुविधा के लिए जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 08 एवं 09 अगस्त तथा 22 एवं 23 अगस्त 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा मतदाताओं से संबंधित आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।

इसके अलावा 25 अगस्त से 04 सितंबर 2026 तक होम-टू-रोल वेरिफिकेशन अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान BLO घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करेंगे।

मतदाता सूची को लेकर व्यापक जनजागरूकता के लिए 15 अगस्त 2026 को संबंधित पंचायत भवनों एवं शहरी वार्डों में ग्राम सभा और बैठकों का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से नागरिकों को प्रारूप मतदाता सूची की जांच, दावा-आपत्ति एवं आवश्यक सुधार की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।

निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 07 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी पात्र नागरिकों से अपील की कि वे प्रारूप मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सभी सदस्यों का नाम अवश्य जांचें। नाम नहीं होने, किसी प्रकार की त्रुटि होने अथवा नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन या स्थानांतरण की आवश्यकता होने पर निर्धारित अवधि के भीतर आवेदन करें।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती प्रत्येक पात्र नागरिक की मतदाता सूची में सहभागिता से सुनिश्चित होती है। कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए सभी नागरिक विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें।

किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा सहायता के लिए नागरिक मतदाता हेल्पलाइन 1950, ECINET मोबाइल ऐप अथवा निर्वाचन आयोग के अधिकृत पोर्टल का उपयोग कर सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!