जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने किया मासिक निरीक्षण, सुरक्षा प्रोटोकॉल के शत-प्रतिशत अनुपालन का दिया निर्देश।

साहिबगंज। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस में सुरक्षित रखी गई इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) एवं वीवीपैट (VVPAT) मशीनों की सुरक्षा, रखरखाव एवं प्रबंधन व्यवस्था का विस्तृत जायजा लिया।
उपायुक्त ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मानकों और सुरक्षा प्रोटोकॉल का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ईवीएम एवं वीवीपैट की सुरक्षा और रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयरहाउस में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं कार्यशीलता समेत अन्य सुरक्षा मानकों का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित कर्मियों को सभी सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील स्थिति में रखने तथा वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था की नियमित और सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कर्मियों को आवश्यकतानुसार नियमित प्रशिक्षण प्रदान करने पर भी जोर दिया, ताकि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में सुरक्षा मानकों के अनुरूप त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने में ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षित अभिरक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसलिए इन मशीनों के रखरखाव, सुरक्षा और निगरानी में निर्धारित सभी मानकों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर कमी न रहे और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त रखी जाएं।
निरीक्षण के अवसर पर अपर समाहर्ता विजय कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कुमुदिनी टुडू सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




