पाकुड़–बरहरवा एनएच-133ए की बदलेगी तस्वीर: जर्जर सड़क की होगी मरम्मत, संकीर्ण स्थानों पर बनेगा गार्डवाल।
पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने अधिकारियों के साथ किया स्थलीय निरीक्षण, डीपीआर तैयार कर जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने के दिए निर्देश।

बरहरवा। साहिबगंज और पाकुड़ जिले की जीवनरेखा माने जाने वाले पाकुड़–बरहरवा राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-133ए) की जर्जर स्थिति से जल्द राहत मिलने की उम्मीद जगी है। सड़क की मरम्मत एवं आवश्यक सुधार कार्यों को लेकर बुधवार को झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने विभागीय अधिकारियों के साथ एनएच-133ए लिंक पथ का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पूर्व मंत्री ने कहा कि पाकुड़–बरहरवा मुख्य मार्ग कई स्थानों पर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह जलजमाव की समस्या बनी रहती है, जिससे आम लोगों, यात्रियों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण सड़क की मरम्मत अब अत्यंत आवश्यक हो गई है और इसे प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि केंचुआ पुल से भीमपाड़ा तथा श्रीकुंड से पलाशबोना तक सड़क कई स्थानों पर अत्यधिक संकीर्ण है। इसके कारण बड़े वाहनों की आवाजाही में परेशानी होती है और अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए इन स्थानों पर गार्डवाल (सुरक्षा दीवार) का निर्माण कराया जाएगा, जिससे दोनों दिशाओं से वाहनों का सुरक्षित एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित हो सके।
आलमगीर आलम ने कहा कि सड़क की मरम्मत पूरी होने के बाद पलाशबोना, कोटालपोखर, श्रीकुंड, बरहरवा सहित आसपास के अनेक गांवों और कस्बों के लोगों को वर्षों से चली आ रही जर्जर सड़क की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं, गार्डवाल निर्माण से दुर्घटनाओं की आशंका भी कम होगी और यातायात व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनेगी।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि सड़क मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्यों के लिए विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) शीघ्र तैयार कर विभाग को भेजा जाए, ताकि नई प्रक्रिया के तहत जल्द से जल्द कार्य प्रारंभ किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस सड़क का पूर्व में किया गया मेंटेनेंस अनुबंध समाप्त हो चुका है, इसलिए पुराने संवेदक से अब मरम्मत कार्य नहीं कराया जा सकता।
पूर्व मंत्री ने कहा कि झारखंड की गठबंधन सरकार राज्यभर की जर्जर सड़कों को चरणबद्ध तरीके से दुरुस्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही दूर-दराज और दुर्गम क्षेत्रों में भी बेहतर सड़क नेटवर्क विकसित करने का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र की प्रत्येक जर्जर सड़क सरकार की प्राथमिकता में है और सभी आवश्यक सड़कों की मरम्मत समयबद्ध तरीके से कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान एनएच विभाग के सहायक अभियंता राकेश भगत, कनीय अभियंता देव सोरेन एवं विक्टर बेसरा सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।




