Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

वार्ड पार्षद निभा देवी की पहल सफल, पाकुड़ माल गोदाम रोड पर जल्द लगेगी ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन।

हावड़ा रेल मंडल ने दी मंजूरी, फुट ओवर ब्रिज के नीचे होगा निर्माण; पूर्वी क्षेत्र के लाखों रेल यात्रियों को टिकट के लिए नहीं लगानी पड़ेगी लंबी कतार।

पाकुड़। नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 की वार्ड पार्षद निभा देवी की लगातार की गई पहल आखिरकार सफल हो गई है। पाकुड़ रेलवे स्टेशन के पूर्वी भाग (माल गोदाम रोड) की ओर आने वाले हजारों दैनिक एवं लाखों रेल यात्रियों की वर्षों पुरानी टिकट संबंधी समस्या अब जल्द समाप्त होने जा रही है। पूर्व रेलवे, हावड़ा मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) राहुल रंजन ने वार्ड पार्षद की मांग को स्वीकृति देते हुए माल गोदाम रोड स्थित फुट ओवर ब्रिज (FOB) के नीचे ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (ATVM) स्थापित करने की अनुमति प्रदान कर दी है।

अनुमति मिलने के बाद रेलवे प्रशासन ने एटीवीएम स्थापना की प्रक्रिया तेज कर दी है। वार्ड पार्षद निभा देवी की मौजूदगी में रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण दल में वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (दूरभाष) संजय कुमार ओझा, वरिष्ठ विद्युत अनुभाग अभियंता राजू कुमार तथा वाणिज्य पर्यवेक्षक सिकंदर मंडल शामिल थे।

निरीक्षण के बाद वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य) परितोष रंजन ने बताया कि मंडल मुख्यालय से एटीवीएम स्थापना के लिए आवश्यक निर्माण कार्य की स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर मशीन स्थापित कर दी जाएगी।

वार्ड पार्षद निभा देवी ने इस जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को पत्र लिखकर माल गोदाम रोड की ओर टिकट काउंटर या एटीवीएम लगाने की मांग की थी। उन्होंने अपने पत्र में बताया था कि स्टेशन के पूर्वी भाग के यात्रियों को टिकट लेने के लिए मुख्य स्टेशन भवन तक जाना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी होती है और कई बार यात्री ट्रेन भी चूक जाते हैं।

नई एटीवीएम मशीन लगने से रेलवे कॉलोनी, सिद्धार्थनगर, ईशाकपुर, मनीरामपुर, रहसपुर, इलामी, हरिगंज, नवादा, संग्रामपुर, नवरत्तमपुर, जयकिष्टोपुर, रघुनंदनपुर (चांचकी), चांदपुर सहित आसपास के अनेक गांवों और पंचायतों के हजारों दैनिक रेल यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

अब तक माल गोदाम रोड की ओर टिकट सुविधा नहीं होने के कारण कई यात्रियों को समय के अभाव में बिना टिकट यात्रा करनी पड़ती थी। परिणामस्वरूप चेकिंग के दौरान उन्हें भारी जुर्माना भरना पड़ता था। एटीवीएम शुरू होने के बाद यात्री आसानी से कुछ ही मिनटों में टिकट प्राप्त कर सकेंगे, जिससे समय और धन—दोनों की बचत होगी।

रेलवे के इस फैसले से क्षेत्र के दैनिक रेल यात्रियों और स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है। स्थानीय नागरिक सुशील साहा, मुरारी मंडल, मिथुन यादव, मिथिलेश मंडल, पंकज मिश्रा, मो. अलीम शेख, मोती शेख, अचिंत बनर्जी, बापी यादव, कन्हैया रजक और दीपक प्रमाणिक सहित कई लोगों ने वार्ड पार्षद निभा देवी और हावड़ा रेल मंडल का आभार व्यक्त किया।

लोगों का कहना है कि यह निर्णय जनहित में एक महत्वपूर्ण कदम है। एटीवीएम स्थापित होने के बाद यात्रियों को टिकट के लिए लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा और पूर्वी भाग के लोगों को रेलवे की बेहतर एवं सुगम सेवा का लाभ मिल सकेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!