Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

रांची में RSS कार्यालय पर पेट्रोल बम हमला, हिन्दू धर्म रक्षा मंच का तीखा विरोध।

केंद्रीय अध्यक्ष संत कुमार घोष ने घटना को बताया कायरतापूर्ण, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग।

राजमहल रांची,। रांची के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) कार्यालय पर बीती रात पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना को लेकर हिन्दू धर्म रक्षा मंच ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मंच के केंद्रीय अध्यक्ष संत कुमार घोष ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस हमले की घोर निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक सौहार्द और राष्ट्रहित पर सीधा हमला बताया है।

संत कुमार घोष ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देशभर में राष्ट्र निर्माण, सामाजिक समरसता, सेवा और सांस्कृतिक जागरण के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाता रहा है। ऐसे संगठन के कार्यालय को निशाना बनाना केवल एक भवन पर हमला नहीं, बल्कि समाज में भय, अस्थिरता और तनाव का माहौल पैदा करने की सोची-समझी साजिश प्रतीत होती है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाएं लोकतांत्रिक व्यवस्था और शांतिपूर्ण सामाजिक वातावरण के लिए गंभीर चुनौती हैं तथा इन्हें किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता।

हिन्दू धर्म रक्षा मंच के केंद्रीय अध्यक्ष ने झारखंड सरकार और पुलिस प्रशासन से मांग की कि घटना की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों की जल्द से जल्द पहचान की जाए तथा उन्हें कठोरतम कानूनी दंड दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस हमले के पीछे सक्रिय सभी असामाजिक तत्वों और संभावित साजिशकर्ताओं का भी पर्दाफाश होना चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

संत कुमार घोष ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि झारखंड की शांतिप्रिय जनता हिंसा, अराजकता और वैचारिक आतंकवाद को कभी स्वीकार नहीं करेगी। राज्य सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी नागरिकों और संस्थाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है।

हिन्दू धर्म रक्षा मंच ने लोगों से शांति, संयम और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि कानून को अपना कार्य करने दिया जाए तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। संगठन ने विश्वास जताया कि प्रशासन इस मामले में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई कर दोषियों को कानून के कटघरे तक पहुंचाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!