प्लस-2 उच्च विद्यालय मंगलहाट का बीडीओ ने किया औचक निरीक्षण, शिक्षण व्यवस्था और निर्माण कार्यों का लिया जायजा।
छात्रों की उपस्थिति, पठन-पाठन एवं विद्यालय भवन की गुणवत्ता की जांच; अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर दिया जोर।

राजमहल, साहिबगंज। राजमहल प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने गुरुवार को प्रखंड अंतर्गत प्लस-2 उच्च विद्यालय, मंगलहाट का औचक निरीक्षण कर विद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित पठन-पाठन, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की कार्यप्रणाली तथा भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की विस्तार से समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में बीडीओ ने छात्र उपस्थिति पंजी, शिक्षक उपस्थिति पंजी, बैठक पंजी सहित विभिन्न अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षाओं का भ्रमण कर अध्ययनरत विद्यार्थियों से बातचीत की तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति और विद्यालय में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर बीडीओ ने शिक्षकों को निर्देश देते हुए कहा कि विद्यार्थियों को केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ही नहीं, बल्कि अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं सामाजिक जिम्मेदारियों की भी शिक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास का केंद्र है, इसलिए शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

विद्यालय में विद्यार्थियों की अपेक्षाकृत कम उपस्थिति को लेकर पूछताछ किए जाने पर शिक्षकों ने बताया कि ग्रीष्मावकाश समाप्त होने के बाद विद्यालय खुलने का पहला दिन होने के कारण उपस्थिति सामान्य से कम रही है। इस पर बीडीओ ने विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक प्रयास करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विद्यालय परिसर में चल रहे भवन निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की भी जांच की। उन्होंने संबंधित निर्माण एजेंसी को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया तथा कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसके अलावा विद्यालय के पुराने एवं क्षतिग्रस्त भवन को हटाए जाने के बाद खाली हुए स्थल का भी निरीक्षण किया गया। बीडीओ ने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि उक्त स्थान को समतल कर सुरक्षित एवं उपयोगी बनाया जाए, ताकि भविष्य में उसका बेहतर उपयोग किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय के शिक्षक अभिजीत कुमार, गगन बापू, रविकांत रवि, राजू झा, निलेश तिवारी सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित थे।



