Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में वृद्धजनों के अधिकारों की सुरक्षा हेतु ‘वृद्धजन सहायता एवं सुविधा केंद्र’ स्थापित।

नालसा जागृति योजना-2025 के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकार की पहल, बुजुर्गों को मिलेगी निःशुल्क कानूनी सहायता एवं सरकारी योजनाओं का लाभ।

साहिबगंज। वृद्धजनों के अधिकारों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए), साहिबगंज ने जिले में ‘वृद्धजन सहायता एवं सुविधा केंद्र’ की स्थापना की है। यह केंद्र झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज, अखिल कुमार के मार्गदर्शन में स्थापित किए गए हैं।

नालसा जागृति योजना-2025 के अंतर्गत प्रारंभ किए गए इन केंद्रों का मुख्य उद्देश्य जिले के वरिष्ठ नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी कानूनी सहायता उपलब्ध कराना, उन्हें विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना तथा उनके अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है। इन केंद्रों का शुभारंभ साहिबगंज स्थित वृद्धाश्रम तथा साहिबगंज प्रखंड कार्यालय में किया गया है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज के सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि इन केंद्रों के माध्यम से वृद्ध नागरिकों को निःशुल्क विधिक परामर्श, शिकायतों के समाधान, विवाद निवारण, आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया में सहायता तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहयोग प्रदान किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र के प्रमुख कार्यों में वृद्धजनों के आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई, माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 से संबंधित मामलों में सहायता, संपत्ति विवादों के समाधान, दुर्व्यवहार एवं उत्पीड़न से जुड़ी शिकायतों के निस्तारण हेतु विधिक सहयोग उपलब्ध कराना तथा समय-समय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करना शामिल है।

सचिव विश्वनाथ भगत ने बताया कि वृद्धाश्रम परिसर में स्थापित केंद्र वहां निवासरत बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से लाभकारी सिद्ध होगा, जबकि प्रखंड कार्यालय स्थित केंद्र के माध्यम से आसपास के क्षेत्रों के वरिष्ठ नागरिक भी आसानी से सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकार, साहिबगंज की यह पहल वृद्धजनों के सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों के संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय और महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने जिले के सभी वरिष्ठ नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान, कानूनी परामर्श एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त करने के लिए इन केंद्रों का अधिक से अधिक उपयोग करें।

वृद्धजनों को सशक्त बनाने और न्याय तक उनकी सहज पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई यह पहल जिले में सामाजिक न्याय एवं संवेदनशील प्रशासन की एक मिसाल बनकर उभरेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!