Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

साहिबगंज में “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान का शुभारंभ।

महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य एवं माहवारी स्वच्छता को लेकर जिलेभर में चलेगा जागरूकता अभियान।

साहिबगंज। महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं माहवारी स्वच्छता प्रबंधन को लेकर साहिबगंज जिले में “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। यह विशेष अभियान 28 मई से 04 जून 2026 तक संचालित किया जाएगा।

अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं किशोरियों को स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा मासिक धर्म से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक करना है। साथ ही समाज में माहवारी को लेकर फैली झिझक, संकोच एवं भ्रांतियों को दूर कर सकारात्मक सोच विकसित करना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा ने कहा कि माहवारी स्वच्छता प्रबंधन केवल महिलाओं एवं किशोरियों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किए जाने की आवश्यकता है, ताकि समाज में स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो सके।

उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि पुरुषों को भी इस विषय में जागरूक एवं संवेदनशील बनाया जाना आवश्यक है। इससे वे अपनी भूमिका एवं जिम्मेदारियों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे तथा महिलाओं एवं किशोरियों को आवश्यक सहयोग प्रदान कर पाएंगे।

इस अवसर पर पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, साहिबगंज के कार्यपालक अभियंता शशि शेखर सिंह ने बताया कि माहवारी स्वच्छता प्रबंधन का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं को स्वास्थ्य, सम्मान, आत्मविश्वास एवं सुरक्षित माहवारी प्रबंधन के प्रति सक्षम बनाना है।उन्होंने जानकारी दी कि “चुप्पी तोड़ो, स्वस्थ रहो” अभियान की इस वर्ष की थीम  “सभी किशोरियों एवं महिलाओं के लिए माहवारी अनुकूल वातावरण का निर्माण” निर्धारित की गई है।

उन्होंने कहा कि इस थीम के अंतर्गत समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि माहवारी जैसे महत्वपूर्ण विषय पर खुलकर संवाद स्थापित हो सके और जागरूकता का वातावरण तैयार किया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने हाथों में रेड डॉट प्रदर्शित कर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का संदेश दिया। साथ ही उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को माहवारी स्वच्छता शपथ भी दिलाई गई। शपथ के माध्यम से स्वच्छता, जागरूकता एवं महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में सहायक अभियंता, सभी कनीय अभियंता, सभी जिला समन्वयक, सभी प्रखंड समन्वयक सहित विभाग के अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से जिलेभर में महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!