राजमहल प्रखंड में जनगणना प्रशिक्षण का दूसरा दिन सम्पन्न, प्रगणक व सुपरवाइजरों को दी गई विस्तृत जानकारी।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण में बैच 4 और 5 के प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, बीडीओ मो. यूसुफ की अध्यक्षता में हुआ आयोजन।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड सभागार में चल रहे तीन दिवसीय जनगणना प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत मंगलवार को दूसरे दिन का सत्र सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण में बैच संख्या 4 और बैच संख्या 5 के प्रगणक एवं सुपरवाइजरों ने भाग लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता चार्ज पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ ने की। उन्होंने प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी प्रतिभागियों को जनगणना कार्य को पूरी जिम्मेदारी और सटीकता के साथ संपन्न करने का निर्देश दिया।
प्रशिक्षण सत्र में प्रशिक्षक के रूप में राजीव कुमार शर्मा, निलेश तिवारी, संतोष कुमार एवं विनीत कुमार ने जनगणना से संबंधित विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने फॉर्म भरने की प्रक्रिया, डेटा संग्रहण की विधि तथा कार्य के दौरान आने वाली संभावित समस्याओं के समाधान के बारे में भी समझाया।

इस अवसर पर प्रभारी सांख्यिकी पदाधिकारी मो. शम्स आजम, पंचायत राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, बीपीओ गगन बापू, जनगणना सहायक निरंजन गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य जनगणना कार्य को त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न करना है, ताकि सटीक आंकड़े प्राप्त हो सकें और योजनाओं के निर्माण में उनका समुचित उपयोग किया जा सके।



