झारखंड

स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में आयुष विभाग की पहल, जिलेभर में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।

37 से अधिक स्थानों पर आमजन को योग, प्राणायाम और ध्यान का दिया गया प्रशिक्षण, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आह्वान।

पाकुड़। स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की आधारशिला है—इसी मूल विचार को साकार करते हुए आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिलेभर में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। ‘आयुर्विद्या’ कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, उनकी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना तथा प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को प्रोत्साहित करना है।

शुक्रवार को आयोजित इस विशेष अभियान के तहत पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित जिले के कुल 37 से अधिक स्थानों पर योग प्रशिक्षकों द्वारा लोगों को योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विभिन्न विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित रूप से योग को दिनचर्या में शामिल करने से शरीर स्वस्थ रहता है, रोग-प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है तथा मानसिक तनाव में कमी आती है। साथ ही ध्यान और प्राणायाम के अभ्यास से मन में शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

आयुष विभाग के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि यह संपूर्ण जीवनशैली का हिस्सा है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे प्रतिदिन योग का अभ्यास करें और स्वस्थ, संतुलित एवं समृद्ध समाज के निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!