बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत INM व IPM किट वितरण, 55 किसानों को मिला उन्नत खेती का लाभ।
राजमहल प्रखंड में सफल आयोजन, आधुनिक कृषि तकनीकों से जुड़कर बढ़ेगी उत्पादन क्षमता और आय।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड में मंगलवार बिरसा फसल विस्तार योजना के तहत किसानों के बीच INM (समेकित पोषक तत्व प्रबंधन) एवं IPM (समेकित कीट प्रबंधन) किट का सफलतापूर्वक वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों से जोड़ते हुए उनकी उत्पादन क्षमता और आय में वृद्धि करना है।
कार्यक्रम में उप परियोजना निदेशक, आत्मा साहिबगंज, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, राजमहल तथा प्रखंड समन्वयक निकेश कुमार (एग्री क्लीनिक, राजमहल) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान कुल 55 चयनित किसानों के बीच INM एवं IPM किट वितरित किए गए।
अधिकारियों ने किसानों को संबोधित करते हुए बताया कि INM तकनीक के माध्यम से फसलों को संतुलित पोषण प्रदान किया जा सकता है, वहीं IPM पद्धति से कीटों का प्रभावी नियंत्रण संभव होता है। इन दोनों तकनीकों के समुचित उपयोग से उत्पादन लागत में कमी आती है और फसल की गुणवत्ता एवं उपज में उल्लेखनीय वृद्धि होती है।

उन्होंने किसानों को किट का वैज्ञानिक एवं सही तरीके से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे अधिकतम लाभ प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सरकार एवं कृषि विभाग के प्रति आभार जताया। किसानों का कहना था कि इस प्रकार की योजनाएं उन्हें आधुनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही हैं और उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत बना रही हैं।
जिला प्रशासन ने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी किसानों के हित में इस तरह की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जारी रहेगा, जिससे जिले के कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।




