झारखंड

राजमहल में पियरलेस हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा हृदय रोग परामर्श शिविर, दूर-दराज से पहुंचे मरीजों ने उठाया लाभ।

जेके हाई स्कूल परिसर में आयोजित शिविर में 30 के करीब मरीजों की जांच, पार्षद सन्नी कुमार साहा ने सराहा प्रयास।

राजमहल साहिबगंज।कोलकाता के प्रसिद्ध पियरलेस हॉस्पिटल के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम द्वारा आज राजमहल नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या 3 स्थित जेके हाई स्कूल परिसर में हृदय रोग से संबंधित एक विशेष परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर में स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से भी बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया।

शिविर के दौरान डॉक्टरों ने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों के लिए छोटे शहरों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता सीमित होने के कारण इस तरह के शिविर लोगों के लिए अत्यंत राहतकारी साबित हो रहे हैं।

इस स्वास्थ्य शिविर में लगभग 28 से 30 मरीजों ने अपनी जांच कराई और परामर्श लिया। कई मरीजों ने पहली बार विशेषज्ञ डॉक्टरों से सीधे सलाह मिलने पर संतोष व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान वार्ड संख्या 3 के पार्षद सन्नी कुमार साहा भी मौके पर पहुंचे और पूरे आयोजन का निरीक्षण किया। उन्होंने डॉक्टरों से मुलाकात कर उनकी सेवा भावना की सराहना की तथा पियरलेस हॉस्पिटल की टीम का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि राजमहल जैसे सुदूर क्षेत्र में आकर इस प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना अत्यंत सराहनीय और जनहितकारी कार्य है। इससे उन लोगों को विशेष राहत मिलती है, जिन्हें सामान्यतः इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाना पड़ता है।

पार्षद ने यह भी सुझाव दिया कि यदि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर वर्ष में 3 से 4 बार नियमित रूप से आयोजित किए जाएं, तो स्थानीय लोगों को और अधिक लाभ मिल सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस तरह के जनकल्याणकारी कार्यों में वे हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।

वहीं, एम.टी. राजा वर्तमान में असम दौरे पर होने के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से डॉक्टरों की टीम का आभार व्यक्त करते हुए इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के शिविर क्षेत्र की जनता के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और भविष्य में भी ऐसे आयोजन जारी रहने चाहिए।

स्थानीय नागरिकों ने भी इस शिविर की सराहना करते हुए कहा कि हृदय रोग जैसी गंभीर समस्याओं के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों का राजमहल आना उनके लिए किसी बड़ी सुविधा से कम नहीं है। लोगों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इस तरह के स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!