झारखंड

स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लेकर उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश।

एंबुलेंस व्यवस्था दुरुस्त रखने, मातृ-शिशु स्वास्थ्य और नियमित टीकाकरण के लक्ष्य पूरे करने पर जोर।

साहिबगंज। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति, जिला टास्क फोर्स डीटीएफ एवं जिला आयुष्मान भारत की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं, स्वास्थ्य संस्थानों की सुविधाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में 108 एंबुलेंस सेवा की उपलब्धता, संचालन एवं मरम्मत की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने खराब एंबुलेंस की मरम्मत शीघ्र कराने और सभी एंबुलेंस को चालू हालत में रखने का निर्देश दिया, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सके। सर्पदंश के मामलों में त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्यकर्मियों को आवश्यक प्रशिक्षण देने तथा स्वास्थ्य केंद्रों में जरूरी दवाओं और संसाधनों की उपलब्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।

गर्भवती महिलाओं के समय पर पंजीकरण, प्रसवपूर्व जांच, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान, संस्थागत प्रसव और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने गंभीर एनीमिया से ग्रसित गर्भवती महिलाओं की पहचान कर समुचित जांच एवं उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही, कम वजन वाले बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार और बाल लिंगानुपात से संबंधित आंकड़ों की नियमित निगरानी करने को कहा।

नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत वंचित बच्चों एवं सभी पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर टीके लगाने पर बल दिया गया। राजमहल क्षेत्र में टीकाकरण की उपलब्धि में सुधार लाने तथा निर्धारित टीकाकरण सत्रों का नियमित आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने टीबी मरीजों की पहचान, अधिसूचना एवं उपचार में तेजी लाने का निर्देश दिया। बरहरवा सहित संबंधित क्षेत्रों में टीबी मरीजों का विवरण समय पर दर्ज कराने तथा निजी चिकित्सकों के माध्यम से चिह्नित मरीजों की अधिसूचना सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

आगामी पल्स पोलियो अभियान के तहत 22 नवंबर को बूथ दिवस तथा 23 और 24 नवंबर को घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने की योजना की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अभियान से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी करने और यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।

बैठक में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, आयुष्मान आरोग्य मंदिर, राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम सहित अन्य स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन करने, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का समाधान करने तथा स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, साहिबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, जिला पंचायती राज पदाधिकारी अनिल कुमार, सभी प्रखंडों के चिकित्सा पदाधिकारी एमओआईसी सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!