राजमहल हत्याकांड: फरार तीन प्राथमिकी अभियुक्तों के घर पुलिस ने चिपकाया इश्तेहार
थाना प्रभारी हसनैन अंसारी के नेतृत्व में जयरामडांगा गांव में हुई कार्रवाई, मुनादी कराकर अभियुक्तों को दी गई कानूनी प्रक्रिया की जानकारी।

राजमहल साहिबगंज।राजमहल थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या के एक मामले में फरार चल रहे तीन प्राथमिकी अभियुक्तों के विरुद्ध पुलिस ने कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय की प्रक्रिया के तहत थाना प्रभारी हसनैन अंसारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जयरामडांगा गांव स्थित अभियुक्तों के घरों पर विधिवत इश्तेहार चिपकाया। इस दौरान गांव में मुनादी भी कराई गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मामला राजमहल थाना कांड संख्या 212/26, दिनांक 24 जून 2026 से संबंधित है। मामले में रामावतार यादव, धर्मराज यादव और परमेश्वर यादव को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है। तीनों के पिता का नाम हरीकिशोर यादव है। वे साहिबगंज जिले के राजमहल थाना क्षेत्र अंतर्गत जयरामडांगा गांव के निवासी हैं।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 126(2), 115(2), 117(2), 118(2), 109(1), 103(1) और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। तीनों अभियुक्तों के फरार रहने के कारण न्यायालय की प्रक्रिया के अनुरूप उनके घरों पर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गई।
पुलिस ने संकेत दिया है कि यदि अभियुक्त निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो न्यायालय के आदेशानुसार कुर्की-जब्ती समेत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।




