साहिबगंज में बाढ़ की गंभीर स्थिति, त्वरित राहत और बचाव कार्य की मांग को लेकर मंत्री से मिले विधायक एमटी राजा।
राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने मंत्री इरफान अंसारी को सौंपा मांग-पत्र, प्रभावित परिवारों के लिए तत्काल राहत राशि और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग।

राजमहल साहिबगंज। साहिबगंज जिले के विभिन्न प्रखंडों में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण उत्पन्न बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने मंत्री इरफान अंसारी से मुलाकात कर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराने की मांग की। विधायक ने इस संबंध में मंत्री को मांग-पत्र सौंपकर साहिबगंज जिला प्रशासन को पर्याप्त वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
विधायक एमटी राजा ने मंत्री को अवगत कराया कि गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण जिले के कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवार प्रभावित हुए हैं। कई गांवों में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है, जबकि अनेक स्थानों पर लोगों का आवागमन भी प्रभावित हुआ है।
उन्होंने बताया कि बाढ़ के कारण कच्चे एवं कमजोर मकानों को क्षति, फसलों एवं पशुधन का नुकसान होने के साथ-साथ लोगों के दैनिक जीवन की आवश्यक गतिविधियां भी प्रभावित हुई हैं। ऐसी परिस्थिति में बाढ़ प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना और उनके लिए आवश्यक राहत सुविधाएं सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।

विधायक ने मांग की कि प्रभावित परिवारों को भोजन, स्वच्छ पेयजल, दवाइयां, आवश्यक सामग्री एवं अन्य राहत सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं। इसके साथ ही बाढ़ से प्रभावित परिवारों को नियमानुसार तत्काल राहत राशि भी प्रदान की जाए, ताकि संकट की इस घड़ी में उन्हें आर्थिक सहायता मिल सके।
विधायक एमटी राजा ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलियों, विद्युत व्यवस्था, पेयजल स्रोतों एवं अन्य सार्वजनिक परिसंपत्तियों की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्स्थापना के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग के माध्यम से जिला प्रशासन, साहिबगंज को पर्याप्त एवं आवश्यक राशि का तत्काल आवंटन किया जाना चाहिए, ताकि बाढ़ प्रभावित परिवारों तक समय पर राहत एवं सहायता पहुंचाई जा सके और बचाव, राहत तथा पुनर्वास कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा सके।
विधायक ने मांग की कि बाढ़ से हुई क्षति का प्रखंडवार एवं पंचायतवार विस्तृत सर्वेक्षण और आकलन कराया जाए। प्रभावित परिवारों, किसानों तथा बाढ़ से क्षतिग्रस्त अन्य परिसंपत्तियों की क्षति का उचित मूल्यांकन कर नियमानुसार मुआवजा एवं राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन को युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने की आवश्यकता है। साथ ही, बाढ़ की स्थिति सामान्य होने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में पुनर्वास एवं पुनर्स्थापना कार्यों को भी प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाना चाहिए।
विधायक एमटी राजा ने मंत्री से आग्रह किया कि साहिबगंज जिले की मौजूदा बाढ़ की गंभीरता को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर तत्काल राहत, बचाव एवं पुनर्वास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित ग्रामीण परिवारों को समय पर हरसंभव सहायता मिल सके।





