पर्व-त्योहार से पहले राजमहल में सफाई, रोशनी और घाटों की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने श्मशान घाट, गंगा घाटों, पूजा पंडालों और कर्मचारियों के वेतन समेत कई मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई की मांग की।

राजमहल साहिबगंज। नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में नगर क्षेत्र से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने प्रमुखता से उठाया। आगामी दुर्गा पूजा, दीपावली एवं छठ महापर्व को देखते हुए उन्होंने शहर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, घाटों की मरम्मती और सुरक्षा व्यवस्था समय रहते दुरुस्त कराने की मांग की।
उपाध्यक्ष ने मधुसूदन कॉलोनी स्थित श्मशान घाट में पर्याप्त रोशनी, पेयजल एवं बैठने की व्यवस्था उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए श्मशान घाट में मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था जरूरी है।
मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने नगर पंचायत के सभी वाहनों के परिवहन संबंधी कागजात दुरुस्त कराने के साथ जर्जर वाहनों की आवश्यक मरम्मती कराने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि वाहनों के दुरुस्त रहने से सफाई एवं अन्य नागरिक सेवाओं के संचालन में बाधा नहीं आएगी।
उन्होंने नगर पंचायत कार्यालय के माध्यम से जिला परिवहन पदाधिकारी, साहिबगंज एवं क्षेत्रीय परिवहन पदाधिकारी, दुमका को पत्राचार कर राजमहल के परमिट पर संचालित होने वाली बसों की जानकारी प्राप्त करने की मांग की। साथ ही ऐसी बसों का परिचालन राजमहल अंतरराज्यीय बस अड्डे से सुनिश्चित कराने की दिशा में पहल करने की बात कही।
आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए नमामि गंगे घाट सहित नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख गंगा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश एवं पेयजल की व्यवस्था कराने की मांग की गई। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु घाटों पर पहुंचते हैं, इसलिए आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित की जानी चाहिए।
दुर्गा पूजा एवं छठ महापर्व को लेकर सभी पूजा पंडालों के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाने की मांग की गई। वहीं, गंगा के जलस्तर को ध्यान में रखते हुए छठ घाटों की साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मती और पानी में बैरिकेडिंग की व्यवस्था समय रहते कराने पर जोर दिया गया। उन्होंने छठ पूजा से पूर्व सभी घाटों का निरीक्षण कर आवश्यक कार्य पूरा कराने की मांग की।
नगर पंचायत कार्यालय के कर्मचारियों और सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान का मुद्दा भी उपाध्यक्ष ने बैठक में प्रमुखता से उठाया। उन्होंने आकांक्षा इंटरप्राइजेज के सफाई कर्मियों के वेतन भुगतान की दिशा में भी आवश्यक पहल करने की मांग की, ताकि पर्व के दौरान सफाई व्यवस्था में लगे कर्मियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े।
मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने सिंघी दलान भवन की विशेष साफ-सफाई, रंग-रोगन एवं सौंदर्यीकरण कराने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि पर्व को देखते हुए भवन की व्यवस्था कम से कम दो दिन पूर्व दुरुस्त कर ली जाए, ताकि परिसर साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित नजर आए।
उन्होंने कहा कि आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए सफाई, प्रकाश, पेयजल, घाटों, परिवहन और कर्मचारियों के वेतन भुगतान से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाने चाहिए, ताकि राजमहल नगर क्षेत्र में आने वाले लोगों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर और सुरक्षित नागरिक सुविधाएं मिल सकें।




