झारखंड

सबडरहा गांव में फसल सुरक्षा कार्यक्रम, 57 किसानों को दी गई वैज्ञानिक जानकारी।

कृषि विशेषज्ञों ने रोग-कीट की पहचान, बचाव और कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग के बताए उपाय।

राजमहल, साहिबगंज। राजमहल प्रखंड के खुटहरी पंचायत अंतर्गत सबडरहा गांव में कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता विभाग, झारखंड सरकार के निर्देश पर फसल सुरक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा), साहिबगंज के तत्वावधान में आयोजित हुआ। इसकी अध्यक्षता खुटहरी पंचायत की मुखिया मस्सी टुडू ने की।

कार्यक्रम में किसानों को फसलों को विभिन्न रोगों एवं कीटों से बचाने के लिए वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक जानकारी दी गई। सेवानिवृत्त कृषि वैज्ञानिक परिमल कुमार सिंह तथा पौधा संरक्षण केंद्र, तालझारी के ओम प्रकाश पंडित उर्फ बाबा ने किसानों को प्रमुख फसल रोगों और कीटों की पहचान, उनके प्रकोप से बचाव तथा कीटनाशकों के सुरक्षित एवं संतुलित उपयोग के बारे में विस्तार से बताया।

कृषि विशेषज्ञों ने कहा कि समय रहते फसलों में रोग एवं कीटों की पहचान कर उचित उपाय अपनाने से नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने किसानों को वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों को अपनाने, कृषि रसायनों का संतुलित उपयोग करने और नियमित रूप से फसलों की निगरानी करने की सलाह दी।

कार्यक्रम में कुल 57 महिला एवं पुरुष किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। किसानों ने कृषि विशेषज्ञों से फसल सुरक्षा से संबंधित जानकारी प्राप्त करने के साथ अपनी समस्याएं एवं जिज्ञासाएं भी साझा कीं। विशेषज्ञों ने बेहतर उत्पादन और फसल की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को फसल सुरक्षा के प्रति जागरूक करना, रोग एवं कीटों से होने वाले नुकसान को कम करना तथा वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से कृषि उत्पादन बढ़ाना रहा। अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने किसानों से किसी भी प्रकार के रोग या कीट प्रकोप की स्थिति में समय रहते विशेषज्ञों से उचित सलाह लेने की अपील की।

कार्यक्रम के माध्यम से किसानों को संदेश दिया गया कि वैज्ञानिक जानकारी और समय पर फसल सुरक्षा उपाय अपनाकर उत्पादन के साथ-साथ किसानों की आमदनी में भी वृद्धि की जा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!