झारखंड

अवैध खनन, भंडारण और परिवहन पर सख्ती के निर्देश, सभी चेकनाकों की सीसीटीवी व्यवस्था दुरुस्त कराने का आदेश।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने खनन गतिविधियों की व्यापक समीक्षा की, गुमानी नदी में अवैध बालू उठाव और अनधिकृत ईंट-भट्ठों पर निगरानी बढ़ाने के दिए निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में मंगलवार को कार्यालय प्रकोष्ठ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला खनन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण, चेकनाकों की निगरानी व्यवस्था, खनन नियमों के अनुपालन तथा अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे प्रवर्तन कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने राजमहल अनुमंडल पदाधिकारी से फुटानी मोड़ चेकनाका पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिले के सभी चेकनाकों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की तत्काल जांच कराने तथा खराब पाए जाने वाले कैमरों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि चेकनाकों की निगरानी व्यवस्था मजबूत और प्रभावी होनी चाहिए, ताकि अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी ढंग से नियंत्रण रखा जा सके।

उपायुक्त ने चेकनाकों से होकर गुजरने वाले बड़े मालवाहक वाहनों की विशेष रूप से जांच करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वाहनों में परिवहन किए जा रहे खनिज पदार्थ के साथ वैध खनन चालान, निर्धारित मार्ग, परिवहन की मात्रा तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की विधिवत जांच की जाए। किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन एवं जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को चेकनाकों पर समय-समय पर विशेष प्रवर्तन अभियान चलाने तथा खनिजों के अवैध परिवहन पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू ने बताया कि जिले में मिट्टी खनन से संबंधित सर्वेक्षण का अनुमोदन किया जा चुका है। इसके आधार पर जिले में संचालित मिट्टी खनन स्थलों एवं ईंट-भट्ठों की जांच की जाएगी।

इस पर उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मिट्टी खनन एवं ईंट-भट्ठा संचालन में निर्धारित नियमों, स्वीकृति, अनुज्ञप्ति और अन्य सभी वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। उन्होंने अवैध मिट्टी कटाव तथा अनधिकृत रूप से संचालित ईंट-भट्ठों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने पतना एवं बरहेट प्रखंड के प्रखंड विकास पदाधिकारियों को गुमानी नदी पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नदी से अवैध रूप से बालू उठाव की किसी भी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में नियमित निगरानी एवं प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

सभी अंचल अधिकारियों को जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध भंडारण एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखने तथा प्रवर्तन गतिविधियों में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान क्रशर इकाइयों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन क्रशर संचालकों द्वारा खनन, भंडारण एवं प्रसंस्करण में प्रयुक्त खनिज के वैध स्रोत तथा आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए जा रहे हैं, उनकी जांच कराई जाए। जांच में अनियमितता अथवा अवैध गतिविधि पाए जाने पर संबंधित संचालकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने कहा कि जिले में खनन संबंधी सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों एवं वैधानिक अनुमतियों के अनुरूप ही संचालित होनी चाहिए। उन्होंने पर्यावरणीय मानकों, राजस्व हितों तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए अवैध खनन के विरुद्ध सख्त और सतत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ नियमित निगरानी, जांच एवं प्रवर्तन कार्रवाई जारी रखने का निर्देश दिया, ताकि जिले में खनन गतिविधियों को नियमबद्ध एवं पारदर्शी बनाया जा सके।

बैठक में उप विकास आयुक्त-सह-परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला खनन निरीक्षक, सभी थाना प्रभारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!