Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

रांगा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1003 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार, स्कॉर्पियो व तीन मोबाइल जब्त।

कालियाचक से बिहार समेत अन्य राज्यों में ऊंचे दाम पर बेचने की थी तैयारी, अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी बताई गई।

साहिबगंज। रांगा थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1003 ग्राम ब्राउन सूगर बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद ब्राउन सूगर की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। इसे रांगा थाना क्षेत्र में अब तक की सबसे बड़ी ब्राउन शुगर बरामदगी बताया गया है।

बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल ने प्रेस कांफ्रेंस कर कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 अगस्त 2026 की रात करीब 3 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम केशरो के पास बंगाल के कालियाचक और बिहार से आए लोगों द्वारा अवैध ब्राउन सूगर की खरीद-बिक्री की जाने वाली है।

सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। इसमें रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

छापामारी दल द्वारा इलाके की रेकी की जा रही थी। इसी दौरान करीब 4 बजे एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो वाहन संख्या BR-11PB-0388 के ग्राम केशरो के पास पहुंचने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया। पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो सवारों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।

इसके बाद तलाशी के निर्धारित नियमों का पालन करते हुए वाहन और उसमें सवार लोगों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 1003 ग्राम ब्राउन सूगर, तीन मोबाइल फोन और स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया। इसके बाद वाहन में सवार तीनों लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान, अमन राज करीब 22 वर्ष पिता धीरेन यादव, ग्राम तिरी थान, थाना बैजनाथपुर, जिला सहरसा, बिहार। गुलशन कुमार करीब 25 वर्ष पिता अर्जुन यादव, ग्राम राजपुर सरसंडी, थाना गोलपाड़ा, जिला मधेपुरा, बिहार। शिवम मिश्रा करीब 19 वर्ष, पिता स्वर्गीय विजय मिश्रा, ग्राम बलियाडांगा सरकेश माठ, थाना कालियाचक, जिला मालदा, पश्चिम बंगाल।

पूछताछ में पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के कालियाचक से ब्राउन सूगर की खरीद कर बिहार एवं अन्य राज्यों में ऊंचे दाम पर बेचने का काम किया जाता था। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के स्वीकारोक्ति बयान में कालियाचक और बिहार के अन्य कथित तस्करों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

तीनों गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध BNS की धारा 317(5)/3(5) तथा NDPS एक्ट की धारा 21(C)/25/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

कार्रवाई में बरहरवा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नितिन खंडेलवाल, रांगा थाना प्रभारी अखिलेश कुमार यादव, विजय कुमार यादव, गिरीजल सोरेन, पंकज कुमार झा, मनोज कुमार सिंह सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!