झारखंड की जनता के हक और अधिकार के लिए संघर्ष जारी रखेगा झामुमो : एमटी राजा।
साहिबगंज टाउन हॉल में झामुमो जिला कार्य समिति की बैठक, विधायक ने कार्यकर्ताओं को दिया एकजुटता और संघर्ष का संदेश।

साहिबगंज। साहिबगंज स्थित टाउन हॉल में रविवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला कार्य समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि झामुमो आंदोलन की उपज है और झारखंड की जनता के हक, अधिकार एवं सम्मान की लड़ाई हमेशा मजबूती से लड़ता रहेगा।
विधायक एमटी राजा ने कहा कि आंदोलन झामुमो के रग-रग में बसा हुआ है। जरूरत पड़ने पर पार्टी जनता के सवालों को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि झामुमो का इतिहास संघर्ष और आंदोलन से जुड़ा हुआ है। पार्टी ने हमेशा झारखंड के जल, जंगल और जमीन तथा यहां के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज बुलंद की है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि संगठन की ताकत जनता से जुड़ाव में है। इसलिए पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचकर आम लोगों की समस्याओं को समझें तथा उनके मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएं।
एमटी राजा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र सरकार झारखंड की खनिज संपदा को लूटने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे विभिन्न कानून पारित किए जा रहे हैं, जिनसे झारखंड के लोगों के अधिकार और हित प्रभावित हो सकते हैं।उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को समझना होगा कि झारखंड केवल खनिज संपदा का भंडार नहीं है, बल्कि यह आदिवासी-मूलवासी और आम लोगों की पहचान, संस्कृति, परंपरा एवं अधिकारों की धरती है।
विधायक ने कहा कि राज्य की प्राकृतिक संपदा पर सबसे पहला अधिकार यहां की जनता का है। देश के अधिकांश राज्यों की अर्थव्यवस्था को झारखंड की खनिज संपदा से प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से लाभ मिलता है। इसके बावजूद झारखंड के लोगों के राजस्व और अधिकारों को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे झामुमो किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगा।

एमटी राजा ने कहा कि झामुमो केंद्रीय नेतृत्व के निर्देश पर आने वाले दिनों में झारखंड में व्यापक आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी। उन्होंने कहा कि पार्टी जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर मजबूती से अपनी आवाज उठाएगी।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने, गांव-गांव एवं जनता के बीच पहुंचने तथा आम लोगों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि झारखंड की जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए झामुमो पूरी मजबूती के साथ खड़ा है और भविष्य में भी जल, जंगल, जमीन, खनिज संपदा एवं झारखंडी अस्मिता के सवाल पर संघर्ष जारी रहेगा।
विधायक ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा हर परिस्थिति में जनता के साथ मजबूती से खड़े रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि पार्टी की मजबूती कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता के विश्वास से तय होती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए कार्य करना चाहिए।
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने, पार्टी के आगामी कार्यक्रमों तथा जनहित के मुद्दों को लेकर आगे की रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ एवं पंचायत स्तर तक मजबूत करने और आम जनता से लगातार संपर्क बनाए रखने का संकल्प लिया।बैठक में झामुमो के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




