80वां स्वतंत्रता दिवस: तिरंगे की शान में सराबोर हुआ साहिबगंज, गूंजा देशभक्ति का जयघोष।
सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने फहराया तिरंगा, पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह के साथ किया परेड का निरीक्षण; विकास योजनाओं और जिले की उपलब्धियों का रखा विस्तृत लेखा-जोखा।

साहिबगंज। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को साहिबगंज जिला पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। मुख्य समारोह का आयोजन सिद्धो-कान्हू स्टेडियम में गरिमापूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। समारोह में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे एवं पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने सर्वप्रथम महान स्वतंत्रता सेनानी सिद्धो-कान्हू की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद दोनों अधिकारियों ने परेड में शामिल विभिन्न प्लाटूनों का निरीक्षण किया।
परेड निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा स्टेडियम देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा। उपस्थित लोगों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान सेनानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
अपने संबोधन में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने जिलेवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास में राजमहल की पहाड़ियों की गोद और पावन गंगा नदी के तट पर बसा साहिबगंज जिला अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। जिले की धरती वीर सिद्धो-कान्हू जैसे महान क्रांतिकारियों की शौर्यगाथा और संघर्ष की साक्षी रही है।उपायुक्त ने अपने संबोधन में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा जिले की उपलब्धियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया।

उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत दिसंबर 2024 से महिलाओं को प्रत्येक माह 2,500 रुपये की सम्मान राशि बैंक खातों के माध्यम से दी जा रही है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई 2026 तक जिले की 1,71,239 महिला लाभुकों के बीच कुल 171.239 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
सामाजिक सुरक्षा विभाग की सर्वजन पेंशन योजना के तहत 1,31,738 पेंशनधारियों के खातों में वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई 2026 तक 55.56 करोड़ रुपये DBT के माध्यम से भेजे जा चुके हैं। राष्ट्रीय परिवार हितलाभ योजना के तहत मई 2026 तक 273 लाभुक परिवारों को 20 हजार रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 54.60 लाख रुपये का भुगतान किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि 1 जुलाई 2026 से मनरेगा के स्थान पर विकसित भारत-जी राम जी योजना लागू की गई है, जिसके तहत इच्छुक परिवारों को 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराने का प्रावधान है। जिले में 1.09 लाख सक्रिय श्रमिकों के विरुद्ध अब तक 99,252 श्रमिकों का ई-केवाईसी पूरा किया जा चुका है, जो 91.02 प्रतिशत है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 में निर्धारित लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 12,63,441 मानव दिवस का सृजन किया गया है, जिसमें महिलाओं की सहभागिता 55.13 प्रतिशत रही है। मनरेगा एवं राज्य योजना के अभिसरण से अब तक 2,113 बिरसा सिंचाई कूप पूर्ण किए जा चुके हैं, जबकि 1,434 कूपों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मनरेगा एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अभिसरण से 172 आंगनबाड़ी केंद्र भवन भी पूर्ण किए गए हैं।
बीपीएल परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण एवं शहरी, अबुआ आवास योजना, बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर आवास योजना तथा पीएम जनमन आवास योजना का क्रियान्वयन प्रमुखता से किया जा रहा है।
खाद्य आपूर्ति विभाग की PHH, AAY, PVTG डाकिया योजना, झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना, सोना-सोबरन धोती-साड़ी एवं लुंगी योजना तथा मुख्यमंत्री दाल-भात योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है। KPI के तहत अयोग्य लाभुकों के नाम हटाने के साथ अब तक 66,318 नए सदस्यों के नाम राशन कार्ड में जोड़े गए हैं।

पलाश/JSLPS के अंतर्गत जिले में 14,156 सखी मंडल, 713 ग्राम संगठन और 44 संकुल आधारित संघ गठित किए गए हैं। सखी मंडलों से कुल 1,44,663 ग्रामीण दीदियां जुड़ी हैं। वित्तीय समावेशन, आजीविका कृषि, गैर-कृषि आजीविका, दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना तथा फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान के माध्यम से भी योग्य लाभुकों को लाभ पहुंचाया जा रहा है।
आपदा प्रबंधन के तहत गंगा एवं तालाब में डूबने, सड़क दुर्घटना, सर्पदंश, अतिवृष्टि, वज्रपात, अग्निकांड और बाढ़ जैसी आपदाओं में हुई मानव एवं गृह क्षति के लिए 168 आश्रितों के बैंक खातों में कुल 2.23 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं।
कल्याण विभाग की प्री-मैट्रिक एवं पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में विभिन्न वर्गों के 1,53,265 छात्र-छात्राओं को कुल 28.68 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। मुख्यमंत्री साइकिल वितरण योजना के तहत 10,366 छात्र-छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराई गई है।
जिले के चार मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में CBSE पाठ्यक्रम के आधार पर कक्षा 1 से 12 तक अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा दी जा रही है। प्रारंभिक विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के लिए 247 सहायक आचार्यों की नियुक्ति की गई है। वर्ष 2026 के माध्यमिक परीक्षा परिणाम में साहिबगंज जिले ने राज्यभर में सातवां स्थान हासिल किया है।
पंचायती राज विभाग के माध्यम से वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 में कुल 1,283 योजनाएं पूर्ण की गई हैं, जबकि 1,325 योजनाओं का कार्य प्रगति पर है। जिले में 161 पंचायत ज्ञान केंद्र तथा 162 ग्राम पंचायतों में प्रज्ञा केंद्र एवं पंचायत सहायता केंद्र नियमित रूप से संचालित किए जा रहे हैं।
जिला योजना अनाबद्ध निधि से वर्ष 2025-26 में 17.17 करोड़ रुपये की लागत से 44 योजनाएं पूर्ण हुईं, जबकि 26 योजनाएं प्रगति पर हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में शिक्षा, पेयजल, स्वास्थ्य तथा ग्रामीण एवं शहरी आधारभूत संरचना के लिए 14.55 करोड़ रुपये की लागत से 107 योजनाएं स्वीकृत की गई हैं।

राजमहल एवं बरहेट में इंडोर स्टेडियम का निर्माण पूर्ण हो चुका है। फूलो-झानो इंडोर स्टेडियम, साहिबगंज में मॉडल जिम तथा विभिन्न स्थानों पर ओपन जिम स्थापित किए गए हैं। साहिबगंज एवं राजमहल में खिलाड़ियों को खेल सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खेल बैंक की स्थापना की गई है। सिद्धो-कान्हू स्टेडियम की गैलरी विस्तारीकरण सहित अन्य कार्य भी जारी हैं।बरहेट में फुटबॉल आवासीय क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र एवं अखरा निर्माण तथा उधवा पक्षी अभ्यारण्य, भोगनाडीह सिद्धो-कान्हू पार्क, बड़ा तालाब, कन्हैया स्थान और मोती झरना जैसे पर्यटन स्थलों के विकास एवं सौंदर्यीकरण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है।
उपायुक्त ने बताया कि जुलाई तक जिले में सामान्य वर्षापात के सापेक्ष 670.22 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य वर्षापात का 107.97 प्रतिशत है। किसानों को बीज विनियम एवं वितरण योजना, बिरसा फसल विस्तार योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन, झारखंड कृषि ऋण माफी योजना, किसान समृद्धि योजना, आत्मा स्कीम एवं अन्य योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है।जिले में 100 मीट्रिक टन क्षमता के 10 गोदामों का निर्माण जारी है। वहीं 500 मीट्रिक टन क्षमता के पांच गोदाम तथा 2,500 मीट्रिक टन क्षमता के तीन गोदामों के निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है।
मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना के तहत 200 यूनिट तक मासिक बिजली खपत करने वाले जिले के लगभग 1.45 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। शहरी क्षेत्र के लगभग 30 हजार उपभोक्ताओं के पुराने मीटर बदलकर नए स्मार्ट मीटर लगाए जा रहे हैं।मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत 110 अविद्युतीकृत टोलों का विद्युतीकरण पूरा किया जा चुका है तथा शेष 62 टोलों को अक्टूबर 2026 तक विद्युतीकृत करने का लक्ष्य है।राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-80 पैकेज-2 के तहत भूमि अधिग्रहण के लिए 133.05 करोड़ रुपये का मुआवजा लाभुकों के बीच वितरित किया गया है। जिले के 10 अन्य पथों के लिए भूमि अधिग्रहण एवं मुआवजा भुगतान की प्रक्रिया जारी है।
पर्यावरण संरक्षण के लिए ब्लॉक प्लांटेशन के तहत 1.25 लाख पौधों का रोपण, नदी-पथ के किनारे 10 किलोमीटर क्षेत्र में 30 हजार पौधों का रैखिक वृक्षारोपण तथा 12,660 गैबियन वृक्षारोपण किया जा रहा है।मंडरो फॉसिल्स पार्क में शोधार्थियों के लिए आधुनिक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। साथ ही 50 KVA सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा।
गंगा नदी के दाहिने तट पर तालझारी प्रखंड के बालापोखर-मसकलैया, राजमहल प्रखंड के नवगछी वार्ड संख्या-01 तथा उधवा प्रखंड के खट्टी टोला में कुल 882 मीटर लंबाई में कटाव निरोधक कार्य पूरा किया गया है।संभावित बाढ़ एवं अन्य आपदाओं के दौरान त्वरित बचाव और राहत के लिए 1.42 करोड़ रुपये की लागत से चार रेस्क्यू मोटर बोट, लाइफ जैकेट एवं अन्य आपदा प्रबंधन उपकरण खरीदे गए हैं।
जिले में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 14 चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी। मंडरो प्रखंड में पांच स्वास्थ्य उपकेंद्रों तथा बरहरवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चहारदीवारी, रैंप एवं अन्य निर्माण कार्य पूरे किए गए हैं। अनुमंडलीय अस्पताल राजमहल में चहारदीवारी सहित अन्य निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
जिले के 663 दिव्यांग व्यक्तियों को बैटरी संचालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराई गई है, जिससे उन्हें आवागमन में सुविधा मिल सके।
DMFT मद से स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना एवं कौशल विकास के क्षेत्र में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक DMFT मद से 10.04 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं।

SHG की दीदियों के कौशल विकास के लिए साहिबगंज एवं राजमहल में 4.03 करोड़ रुपये की लागत से दो स्किल डेवलपमेंट सेंटर बनाए जा रहे हैं। उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए 2.49 करोड़ रुपये की लागत से Art & Craft Marketplace तथा साहिबगंज में 3.07 करोड़ रुपये की लागत से झारखंड का पहला Waste to Wonder Park बनाया जा रहा है।
मुख्य समारोह के बाद उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने समाहरणालय परिसर में भी ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। विकास भवन परिसर में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, पुलिस लाइन परिसर एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह तथा अनुमंडल कार्यालय में अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द ने ध्वजारोहण किया।
समारोह में गणमान्य नागरिकों, न्यायिक पदाधिकारियों, जिला स्तरीय पदाधिकारियों, शहीदों के आश्रितों, अलग झारखंड राज्य आंदोलनकारियों, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधियों सहित हजारों की संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान साहिबगंज ने जहां देश की आजादी के वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया, वहीं जिले के विकास की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं के माध्यम से एक सशक्त, समृद्ध और विकसित साहिबगंज के संकल्प को भी दोहराया।


