राजमहल में विकास को मिली नई रफ्तार: जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारिक शेख ने दो जनहितकारी योजनाओं का किया शिलान्यास।
दाहू टोला और पूर्वी जामनगर पंचायत में छतदार चबूतरा निर्माण कार्य शुरू, सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों के लिए ग्रामीणों को मिलेगी बेहतर सुविधा।

राजमहल। साहिबगंज जिले के राजमहल प्रखंड में जनसुविधाओं के विस्तार की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला परिषद सदस्य एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला कार्यकारिणी सदस्य अब्दुल बारिक शेख ने दो महत्वपूर्ण जनहितकारी विकास योजनाओं का विधिवत शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
शिलान्यास की गई योजनाओं में दाहू टोला पंचायत के अंतर्गत ग्राम डैकेत टोला स्थित ईरसाद टोला मदरसा के समीप छतदार चबूतरा निर्माण तथा पूर्वी जामनगर पंचायत के अंतर्गत हड़मल्ली बड़ी मस्जिद एवं गयासुद्दीन के घर के समीप छतदार चबूतरा निर्माण शामिल हैं। इन योजनाओं के पूर्ण होने के बाद स्थानीय लोगों को सामाजिक, धार्मिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर एवं सुरक्षित स्थान उपलब्ध होगा।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारिक शेख ने कहा कि क्षेत्र का समग्र एवं संतुलित विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे तथा जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे पर प्राथमिकता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारिक शेख के प्रति आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने कहा कि इन योजनाओं से स्थानीय लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा तथा भविष्य में भी इसी प्रकार विकास कार्य जारी रहने की उम्मीद जताई।

शिलान्यास कार्यक्रम में कनीय अभियंता (जेई) दीपनारायण, संवेदक माझारुल, पंचायत समिति सदस्य अहमद, दाऊद, ऐनुल, कुढ़न पैकर, शहीद, जुल्फेकर, मौलाना गियासुद्दीन, असलम, महबूब सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।



