झारखंड

आवास एवं मनरेगा योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश, 15 दिनों में लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा उप विकास आयुक्त।

ग्रामीण आवास एवं रोजगार योजनाओं की व्यापक समीक्षा, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और नियमित मॉनिटरिंग पर जोर।

साहिबगंज।जिले में संचालित ग्रामीण आवास एवं रोजगार सृजन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मनरेगा एवं विभिन्न आवास योजनाओं की प्रगति का विस्तृत मूल्यांकन किया गया।

बैठक में सभी प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), प्रखंड समन्वयक, पीएमएवाई-जी के सहायक परियोजना पदाधिकारी, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, लेखा सहायक, कंप्यूटर सहायक एवं संबंधित कर्मी उपस्थित थे।

समीक्षा के दौरान प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना (PM-JANMAN), प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G), बाबा साहब भीमराव अंबेडकर आवास योजना, अबुआ आवास योजना तथा महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) की प्रखंडवार एवं पंचायतवार प्रगति का गहन आकलन किया गया।

उप विकास आयुक्त ने विभिन्न योजनाओं के प्रमुख संकेतकों जैसे जियो टैगिंग, किस्त भुगतान, निर्माण प्रगति, आवास पूर्णता दर, मानव दिवस सृजन, परिसंपत्ति निर्माण तथा लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास एवं गरीब परिवारों को आवासीय सुरक्षा प्रदान करने वाली योजनाएं सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। ऐसे में सभी अधिकारी एवं कर्मी समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति सुनिश्चित करें।

बैठक के दौरान उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर सभी योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की जाए तथा लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी और नियमित मॉनिटरिंग के माध्यम से कार्यों की सतत समीक्षा की जाएगी।

उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड स्तरीय अधिकारियों एवं कर्मियों को लाभुकों के साथ सतत संपर्क बनाए रखने, योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का सफल क्रियान्वयन ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास, गरीब परिवारों के जीवन स्तर में सुधार तथा आत्मनिर्भर गांवों के निर्माण की मजबूत आधारशिला है।

बैठक का समापन योजनाओं की प्रगति को और अधिक गति प्रदान करने तथा सभी लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!