झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) का कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर आयोजित, संगठन विस्तार व श्रमिक अधिकारों पर दिया गया जोर।
बाकुड़ी स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित शिविर में कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, श्रम कानूनों एवं लोककल्याणकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी।

साहिबगंज।झारखंड मजदूर संघ (प्रजातांत्रिक) के केंद्रीय कार्यालय, बाकुड़ी में मंगलवार को केंद्रीय अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक दिवसीय कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाना, कार्यकर्ताओं को संघ के नियमों एवं उद्देश्यों की जानकारी प्रदान करना तथा श्रमिकों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। इसके पश्चात उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय प्रेरणा गीत “हम होंगे कामयाब एक दिन” का सामूहिक गायन कर संगठनात्मक एकता, विश्वास और समर्पण का संदेश दिया।

प्रशिक्षण शिविर में केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव, केंद्रीय सहायक मंत्री रविकांत ठाकुर, केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी तथा गणेश ठाकुर ने प्रशिक्षक की भूमिका निभाते हुए कार्यकर्ताओं को संगठन की नीतियों, उद्देश्यों एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर केंद्रीय सहायक मंत्री रविकांत ठाकुर ने कहा कि संगठन को मजबूत बनाने के लिए संघ के नियमों एवं उद्देश्यों की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से श्रमिकों के बीच जागरूकता अभियान चलाने तथा संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
केंद्रीय उपाध्यक्ष फूल कुमारी देवी ने संगठन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संघ के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए श्रमिक संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठनात्मक एकता बनाए रखने तथा संघ की मजबूती के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने की अपील की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष संजय कुमार गुप्ता ने कहा कि किसी भी संगठन के सफल संचालन के लिए नियमित प्रशिक्षण एवं वैचारिक पाठ्यक्रम अत्यंत आवश्यक होते हैं। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से संघ के नियमों के अनुरूप सदस्यता शुल्क नियमित रूप से जमा करने तथा संगठन के विस्तार में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।
वहीं केंद्रीय महामंत्री राजकुमार यादव ने श्रम कानूनों एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न लोककल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए श्रमिकों को मिलने वाले अधिकारों एवं सुविधाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सही एवं समय पर जानकारी मिलने से श्रमिक वर्ग अधिक लाभान्वित हो सकता है तथा अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बन सकता है।

प्रशिक्षण शिविर में प्रीतम कुमार पियूष, मोहम्मद इमाम बिस्वास, मोहम्मद निजामुद्दीन, तरुण शाह, शौकत शेख, मोहम्मद बदरुद्दीन, रिंकू शेख, राकेश महतो, रणधीर प्रसाद चौरसिया, सैयद अख्तर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं सदस्य उपस्थित रहे।
शिविर के दौरान वक्ताओं ने संगठन को गांव स्तर तक विस्तार देने, श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा संघ की सदस्यता बढ़ाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।




