साहिबगंज में तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर का सफलतापूर्वक समापन।
12,516 आवेदन प्राप्त, 3,899 आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि पूर्ण; विद्यार्थियों और ग्रामीणों को पंचायत स्तर पर मिली बड़ी सुविधा।

साहिबगंज। आगामी शैक्षिक सत्र, विभिन्न सरकारी नियुक्तियों, छात्रवृत्तियों तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए आवश्यक जाति, आय एवं स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन, साहिबगंज द्वारा जिले की सभी पंचायतों में आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रमाण-पत्र शिविर का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया।
यह विशेष शिविर 15 जून से 17 जून 2026 तक पंचायत सचिवालय स्तर पर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर के माध्यम से प्रमाण-पत्र आवेदन प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाते हुए आम नागरिकों को उनके पंचायत स्तर पर ही आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के दौरान प्रतिनियुक्त कर्मियों एवं वीएलई (CSC) संचालकों द्वारा आवेदकों के आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर झारसेवा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन दर्ज किए गए। साथ ही आवेदकों को तत्काल प्राप्ति रसीद भी उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें आवेदन की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने में सुविधा होगी।
जिला प्रशासन को प्राप्त प्रतिवेदन के अनुसार, जिलेभर में आयोजित इस विशेष अभियान के दौरान कुल 12,516 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें, जाति प्रमाण-पत्र हेतु : 5,236 आवेदन, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र हेतु : 6,522 आवेदन, आय प्रमाण-पत्र हेतु : 758 आवेदन, प्राप्त आवेदनों की संख्या यह दर्शाती है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रमाण-पत्रों की आवश्यकता को देखते हुए यह पहल अत्यंत उपयोगी एवं प्रभावी साबित हुई।
शिविर के दौरान प्राप्त आवेदनों में से अब तक 3,899 आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि सफलतापूर्वक की जा चुकी है। इनमें, जाति प्रमाण-पत्र : 1,637 आवेदन, स्थानीय निवासी प्रमाण-पत्र : 2,017 आवेदन, आय प्रमाण-पत्र : 245 आवेदन, जिला प्रशासन ने बताया कि शेष प्राप्त आवेदनों की ऑनलाइन प्रविष्टि एवं निष्पादन की प्रक्रिया भी तेजी से जारी है, ताकि सभी पात्र आवेदकों को निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराया जा सके।

इस विशेष अभियान ने न केवल ग्रामीणों को प्रखंड एवं जिला मुख्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत दिलाई, बल्कि सरकारी सेवाओं को पंचायत स्तर तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उदाहरण भी प्रस्तुत किया। विशेष रूप से विद्यार्थियों को आगामी नामांकन, छात्रवृत्ति एवं प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवश्यक प्रमाण-पत्र समय पर उपलब्ध कराने में यह शिविर अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।
जिला प्रशासन, साहिबगंज ने इस विशेष अभियान की सफलता में योगदान देने वाले सभी प्रखंड प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों, राजस्व कर्मियों, वीएलई-सीएससी संचालकों तथा आम नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया है।
प्रशासन ने कहा कि भविष्य में भी आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सरल, सुगम, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के लिए ऐसे जनहितकारी प्रयास जारी रहेंगे।




