राजमहल प्रखंड में निर्वाचन संबंधी महत्वपूर्ण बैठक आयोजित।
23 एवं 24 मई को प्रत्येक मतदान केंद्र पर प्रकाशित होगी अनमैप्ड मतदाताओं की सूची, सभी मतदाताओं से मैपिंग कार्य पूर्ण कराने की अपील।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड में सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी मो. यूसुफ की अध्यक्षता में निर्वाचन संबंधी एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान बीडीओ मो. यूसुफ ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार आगामी 23 एवं 24 मई 2026 को प्रत्येक मतदान केंद्र पर अनमैप्ड मतदाताओं की सूची प्रकाशित की जाएगी। सूची प्रकाशित होने के बाद संबंधित मतदाता अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने बीएलओ से संपर्क कर मैपिंग संबंधी कार्य पूर्ण करा सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रकाशित सूची के आधार पर पुनः ASDD (Absent, Shifted, Dead, Double) मतदाताओं की सूची भी तैयार की जाएगी। साथ ही जिन मतदाताओं का मैपिंग कार्य शेष रह जाएगा, उनके मामलों की सुनवाई विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान की जाएगी तथा उनकी अलग सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया गया है।
बीडीओ ने सभी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे अपने-अपने मतदान केंद्र पर जाकर संबंधित बीएलओ से संपर्क करें और समय रहते मैपिंग का कार्य पूरा कराएं, ताकि कोई भी वैध मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रह जाए।
बैठक में निर्वाचन नोडल पदाधिकारी गगन बापू, पंचायत राज पदाधिकारी सूर्यनारायण चौधरी, कंप्यूटर ऑपरेटर विजय कुमार सहित सभी सुपरवाइजर एवं बीएलओ उपस्थित थे।




