सदर अस्पताल साहिबगंज में 16 वर्ष तक के बच्चों और किशोरों हेतु नियमित टीकाकरण सेवाओं का शुभारंभ।
क्षेत्रीय उप निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा ने किया उद्घाटन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुधार पर दिया जोर।

साहिबगंज। सदर अस्पताल, साहिबगंज में 16 वर्ष तक के बच्चों एवं किशोरों के लिए नियमित टीकाकरण (Routine Immunization) सेवाओं का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय उप निदेशक, संथाल परगना, दुमका डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा द्वारा किया गया।
इस अवसर पर सिविल सर्जन साहिबगंज डॉ. रामदेव पासवान, जिला आरसीएच पदाधिकारी (DRCHO), सदर अस्पताल के उपाधीक्षक, आरसीएच सहायक, वीसीसीएम, सीसीटी तथा यूनिसेफ के प्रतिनिधि सहित कई स्वास्थ्यकर्मी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

उद्घाटन के दौरान डॉ. प्रमोद कुमार शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि नियमित टीकाकरण सेवाओं को सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि 16 वर्ष तक के सभी पात्र बच्चों एवं किशोरों को शत-प्रतिशत लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि टीकाकरण एक प्रभावी जनस्वास्थ्य उपाय है, जो बच्चों को कई गंभीर बीमारियों से बचाकर उनके स्वस्थ भविष्य की नींव रखता है।
उन्होंने जानकारी दी कि इस अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं को भी आवश्यक टीकाकरण सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। साथ ही, उनके नियमित प्रसव पूर्व जांच (ANC Check-up) को सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।

उन्होंने गर्भावस्था के शीघ्र पंजीकरण, समय पर एएनसी जांच और सतत निगरानी को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं का महत्वपूर्ण आधार बताया।
कार्यक्रम के दौरान सभी स्वास्थ्य अधिकारियों एवं कर्मियों को निम्नलिखित निर्देश दिए गए नियमित टीकाकरण का 100% लक्ष्य प्राप्त किया जाए, टीकाकरण सत्रों की सुदृढ़ योजना बनाई जाए, ड्रॉपआउट लाभार्थियों की पहचान कर उनका टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए, गर्भवती महिलाओं को समय पर गुणवत्तापूर्ण एएनसी सेवाएं दी जाएं, सामुदायिक जागरूकता एवं सहभागिता को बढ़ावा दिया जाए

कार्यक्रम में यह भी बताया गया कि सभी पात्र गर्भवती महिलाएं एवं बच्चे सदर अस्पताल, साहिबगंज में निःशुल्क एएनसी जांच एवं टीकाकरण सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं।
यह कार्यक्रम जिले में सार्वभौमिक टीकाकरण कवरेज सुनिश्चित करने तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



