मादक पदार्थों की तस्करी पर लगेगी लगाम, संदिग्ध दवा दुकानों की होगी औचक जांच।
NCORD की बैठक में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने दिए सख्त निर्देश, स्कूल-कॉलेजों में चलेगा नशामुक्ति जागरूकता अभियान।

साहिबगंज। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में नारकोटिक्स समन्वय समिति (NCORD) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खरीद-बिक्री, भंडारण एवं सेवन पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सघन जांच अभियान चलाने तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
उपायुक्त ने पुलिस पदाधिकारियों को मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए संदिग्ध क्षेत्रों, मार्गों और स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने नियमित जांच अभियान चलाने तथा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

औषधि निरीक्षक तथा साहिबगंज एवं राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारियों को संदिग्ध दवा दुकानों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने दवाओं की बिक्री में निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री या अन्य अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा।
बैठक में सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (COTPA) के प्रावधानों के प्रभावी अनुपालन पर जोर दिया गया। सार्वजनिक स्थानों तथा शैक्षणिक संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पादों की बिक्री और सेवन पर निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। साथ ही, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की 200 मीटर की परिधि में स्थित दुकानदारों से शपथ-पत्र लेने को कहा गया, जिसमें वे मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित तंबाकू उत्पादों की अवैध खरीद-बिक्री नहीं करने की घोषणा करेंगे।
जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक को सभी विद्यालयों में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक नुकसान की जानकारी देने के साथ नशामुक्त और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम, शपथ एवं संवादात्मक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों के विरुद्ध कार्रवाई केवल जांच और प्रवर्तन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जन-जागरूकता को भी अभियान का अहम हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध कारोबार के विरुद्ध प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

बैठक में परियोजना निदेशक, आईटीडीए-सह-जिला समाज कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार दास, साहिबगंज के अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईन्द, राजमहल के अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो, औषधि निरीक्षक चंदन कश्यप सहित प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।




