राजमहल में फुटपाथ दुकानदारों को सशर्त तत्काल राहत।
त्योहारों को देखते हुए विधायक एमटी राजा की पहल, पांच फीट दूरी और स्वच्छता समेत कई शर्तों का पालन करना होगा।

राजमहल साहिबगंज। नगर पंचायत राजमहल की ओर से गांधी चौक के समीप सड़क किनारे फुटपाथ दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई के बाद प्रभावित दुकानदारों का एक शिष्टमंडल राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा के कार्यालय पहुंचा। दुकानदारों ने आगामी त्योहारों को देखते हुए रोजी-रोटी से जुड़ी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया और तत्काल राहत दिलाने की मांग की।
दुकानदारों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए विधायक एमटी राजा ने अपने विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू को आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया। इसके बाद नगर पंचायत कार्यालय में फुटपाथ दुकानदारों और नगर पंचायत के अधिकारियों के बीच वार्ता कराई गई। वार्ता में दुकानदारों की समस्याओं पर चर्चा के बाद कुछ शर्तों के साथ तत्काल राहत देने पर सहमति बनी।

तय शर्तों के अनुसार दुकानदार सड़क के मध्य भाग से कम से कम पांच फीट की दूरी पर ही दुकान लगाएंगे, ताकि आवागमन बाधित न हो। दुकान का सामान सड़क किनारे बाहर नहीं रखा जाएगा। प्रत्येक दुकान में डस्टबिन रखना अनिवार्य होगा तथा दुकानदारों को आसपास स्वच्छता बनाए रखनी होगी।
नगर पंचायत की ओर से स्पष्ट किया गया कि यह राहत आगामी त्योहारों को देखते हुए तत्काल और सशर्त रूप से दी गई है। सड़क पर अतिक्रमण अथवा यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
वार्ता में यह भी तय हुआ कि नगर पंचायत फुटपाथ दुकानदारों के लिए वैकल्पिक एवं व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करेगी। उपयुक्त वैकल्पिक स्थान या मार्केट उपलब्ध होने के बाद संबंधित दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर स्थानांतरित होकर दुकानदारी करनी होगी।

इस पहल का उद्देश्य त्योहारों के दौरान दुकानदारों की आजीविका प्रभावित होने से बचाने के साथ शहर की यातायात और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना है। दुकानदारों से भी नगर पंचायत एवं प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की गई।
वार्ता के दौरान नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी दानिश हुसैन, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अयुब अली सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।



