जिला समन्वय समिति की बैठक में उपायुक्त के कड़े निर्देश, लंबित कार्यों के त्वरित निष्पादन पर जोर।
जनहितकारी योजनाओं को समयबद्ध पूरा करने, श्रावणी मेला में श्रद्धालुओं की सुविधा-सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश।

साहिबगंज। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों, स्वास्थ्य व्यवस्था, आधारभूत संरचना, सड़क, पेयजल, विद्युत, शिक्षा एवं अन्य विभागों से संबंधित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित कार्यों का नियमानुसार एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने तथा जनहितकारी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का स्पष्ट निर्देश दिया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने अंचलों में लंबित जाति, आय, आवासीय एवं अन्य प्रमाण-पत्रों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रमाण-पत्र से संबंधित मामलों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए और आम लोगों को समय पर सरकारी सेवाओं का लाभ मिलना सुनिश्चित किया जाए।
वर्षा ऋतु के दौरान मदनशाही मुख्य सड़क पर गड्ढों में जलजमाव की समस्या को उपायुक्त ने गंभीरता से लिया। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं संबंधित अंचलाधिकारी को निर्देश दिया कि सड़क के गड्ढों में जमा वर्षा जल की निकासी पंप के माध्यम से तत्काल सुनिश्चित की जाए, ताकि आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।

उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ होने तक आवश्यकता के अनुसार तत्काल वैकल्पिक मरम्मत कार्य कराया जाए, जिससे मार्ग सुरक्षित एवं सुगम बना रहे।
बैठक में श्रावणी मेला, शिवगादी धाम के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि बरहेट बाजार से मेला स्थल तक तथा राजमहल, बड़हरवा एवं पतना होते हुए मेला स्थल तक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भ्रमणशील चिकित्सा दल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही सेवा शिविर में प्रत्येक रविवार एवं सोमवार को चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की विशेष प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने पुलिस विभाग को कांवरिया मार्ग पर लगातार गश्ती सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शिवालय परिसर के आसपास पर्याप्त संख्या में महिला पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने को कहा। अनुमंडल पदाधिकारी को समय-समय पर मेला क्षेत्र का भ्रमण कर सभी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी करने का निर्देश दिया गया। नगर प्रशासक एवं संबंधित प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दोनों प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए चलंत शौचालयों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
साहिबगंज सदर अस्पताल के सुचारू संचालन, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और बेहतर रखरखाव को लेकर उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, परियोजना निदेशक आईटीडीए तथा अनुमंडल पदाधिकारी को नामित किया।
उन्होंने सभी नामित पदाधिकारियों को सप्ताह में कम-से-कम एक दिन सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सा व्यवस्था, स्वच्छता, दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का गहन मूल्यांकन किया जाएगा। कमियों के सामने आने पर तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सिविल सर्जन एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक को स्पष्ट निर्देश दिया कि आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत पात्र चिकित्सकों एवं चिकित्साकर्मियों को देय प्रोत्साहन राशि का नियमानुसार भुगतान हर हाल में आगामी दो दिनों के भीतर सुनिश्चित किया जाए।
तालझारी प्रखंड परिसर में विद्युत आपूर्ति से संबंधित समस्या की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल को समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।जिले में प्रस्तावित साइंस कॉलेज एवं जिला विज्ञान केंद्र के निर्माण को लेकर उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी, साहिबगंज, बोरियो एवं मंडरो को आवश्यक भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही नगर परिषद कार्यालय के निर्माण के लिए अंचलाधिकारी साहिबगंज एवं नगर प्रशासक को आपसी समन्वय स्थापित कर नगर परिषद क्षेत्र में उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया गया।
स्वास्थ्य व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने सिविल सर्जन को संविदा आधारित प्रस्तावित नियुक्तियों के मद्देनजर मैनपावर रोस्टर यथाशीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया।इसके अलावा बरहरवा प्रखंड अंतर्गत आहुतग्राम एवं हरिहरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवश्यकतानुसार अतिरिक्त स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
साहिबगंज-गोड्डा-दुमका मेगा बल्क जलापूर्ति योजना की समीक्षा के दौरान कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल साहिबगंज ने बताया कि राजमहल प्रखंड में बेगमपुरा ओवरब्रिज से नया बाजार मोड़ तक लगभग दो किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जानी है। इसके लिए कार्यपालक अभियंता, आरईओ से अनापत्ति प्रमाण-पत्र (एनओसी) अब तक प्राप्त नहीं हुआ है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने उप विकास आयुक्त एवं अपर समाहर्ता को संयुक्त रूप से स्थल निरीक्षण कर सभी तथ्यों की जांच करने, मामले का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने तथा निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
सदर अस्पताल परिसर स्थित दीप आई हॉस्पिटल के भवन में ओपीडी संचालन के दृष्टिगत भवन के जीर्णोद्धार एवं आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने एनआरईपी को आवश्यक मरम्मत एवं आधारभूत संरचना से संबंधित कार्यों का प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने को कहा।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राक्कलन तैयार कर आवश्यक कार्रवाई पूरी की जाए, ताकि भवन का जीर्णोद्धार शीघ्र शुरू हो और ओपीडी का संचालन समयबद्ध तरीके से प्रारंभ किया जा सके।
उपायुक्त ने अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी सदर एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी बरहेट को बरहेट प्रखंड में प्रस्तावित गोदाम निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिह्नित करने का निर्देश दिया।

साथ ही, श्रावण मास समाप्त होने के बाद बरहेट प्रखंड में प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण कार्य प्रारंभ करने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया गया।
कल्याण विभाग द्वारा छात्र-छात्राओं को वितरित की जाने वाली साइकिलों के वितरण की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारियों को ससमय साइकिल वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने तथा आम लोगों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निष्पादित करने पर जोर दिया।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक आईटीडीए संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी सदर अमर जॉन आईन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो सहित सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, सभी अंचलाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं थाना प्रभारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जिले में संचालित विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित कार्यों को पूरा करते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया।




