वनांचल एक्सप्रेस से 59 लाख रुपये के 174 संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार।
आरपीएफ बरहरवा की बड़ी कार्रवाई, चलती ट्रेन से भागने की कोशिश कर रहे दोनों युवकों को दबोचा।

बरहरवा साहिबगंज । रेलवे सुरक्षा बल आरपीएफ पोस्ट बरहरवा ने गुरुवार को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए ट्रेन संख्या 13403 अप वनांचल एक्सप्रेस से लगभग 59 लाख रुपये मूल्य के 174 संदिग्ध मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार कर बरामद मोबाइल फोनों के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा को सौंप दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के निरीक्षक संजीव कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि वनांचल एक्सप्रेस के जनरल कोच में दो व्यक्ति बड़ी संख्या में संदिग्ध चोरी के मोबाइल फोन लेकर यात्रा कर रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए निरीक्षक संजीव कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ एवं सीपीडीएस की संयुक्त टीम का गठन कर विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच दल में आरपीएफ सिपाही अनिल कुमार साह, सीपीडीएस टीम के सिपाही विनय कुमार वर्मा, प्रधान आरक्षी योगेन्द्र मांझी तथा सिपाही नितीश कुमार शामिल थे। टीम ने गुमानी स्टेशन से बरहरवा रेलवे स्टेशन तक ट्रेन में व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
जांच के दौरान जनरल कोच संख्या ER-104464 में दो संदिग्ध युवक पिट्ठू बैग के साथ यात्रा करते हुए पाए गए। आरपीएफ टीम को देखकर दोनों युवक चलती ट्रेन से उतरकर भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन सुरक्षा बल के जवानों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार युवकों की पहचान मोहम्मद नासरुद्दीन शेख (28 वर्ष) एवं मोहम्मद रहमत शेख (23 वर्ष) के रूप में हुई। दोनों पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कलियाचक क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

बरहरवा रेलवे स्टेशन पर दोनों के बैगों की तलाशी लेने पर कुल 174 पुराने एवं प्रयुक्त एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए गए। इनमें से 85 मोबाइल फोन मोहम्मद नासरुद्दीन शेख तथा 89 मोबाइल फोन मोहम्मद रहमत शेख के कब्जे से मिले।
आरपीएफ के अनुसार बरामद मोबाइल फोनों का अनुमानित बाजार मूल्य 58 लाख 95 हजार 878 रुपये आंका गया है।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी बरामद मोबाइल फोनों के स्वामित्व से संबंधित कोई वैध दस्तावेज, खरीद रसीद अथवा संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) के प्रावधानों के तहत सभी मोबाइल फोनों को विधिवत जब्त कर जब्ती सूची तैयार की गई।
आरपीएफ ने दोनों आरोपियों तथा बरामद मोबाइल फोनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए रेल थाना बरहरवा के सुपुर्द कर दिया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है। पुलिस मोबाइल फोनों की वास्तविक स्थिति, उनके स्वामित्व तथा संभावित चोरी या तस्करी के नेटवर्क से जुड़े पहलुओं की गहन जांच कर रही है।




