राजमहल स्टेडियम में भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ, झारखंड-बंगाल की टीमों ने दिखाई दमदार मौजूदगी।
मुख्य अतिथि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने फीता काटकर किया उद्घाटन, पहले मुकाबले में फरक्का और हिरणपुर की टीम आमने-सामने।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल स्पोर्टिंग क्लब के तत्वावधान में राजमहल स्टेडियम में भव्य क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। टूर्नामेंट में झारखंड के विभिन्न जिलों की टीमों के साथ-साथ पश्चिम बंगाल की टीमों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों एवं खेल प्रेमियों में खासा उत्साह देखा गया।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि राजमहल विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने फीता काटकर किया। उद्घाटन के बाद मुख्य अतिथि द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया तथा टूर्नामेंट का विधिवत टॉस भी कराया गया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, एकता और बेहतर भविष्य की ओर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि ऐसे खेल आयोजनों से क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पश्चिम बंगाल के फरक्का और पाकुड़ जिला के हिरणपुर की टीम के बीच खेला गया। टॉस जीतकर हिरणपुर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। स्टेडियम में मौजूद खेल प्रेमियों ने तालियों और उत्साह के साथ खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया।
इस मौके पर जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारीक शेख, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान, नगर अध्यक्ष मो. आजाद, प्रखंड बीपीओ गगन बापू, एकरामुल शेख सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि टूर्नामेंट के माध्यम से क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने का प्रयास किया जा रहा है।

राजमहल स्पोर्टिंग क्लब द्वारा आयोजित यह क्रिकेट टूर्नामेंट क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों के बीच रोमांचक मुकाबलों को लेकर दर्शकों में भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में कई और रोमांचक मैच खेले जाएंगे, जिसमें विभिन्न जिलों की मजबूत टीमें हिस्सा लेंगी।




