बरहरवा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई: उधना स्पेशल एक्सप्रेस से 78 बोतल विदेशी शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार।
गुप्त सूचना पर चलाया गया विशेष जांच अभियान, 23,720 रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद।

बरहरवा साहिबगंज। बरहरवा रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने गुप्त सूचना के आधार पर विशेष जांच अभियान चलाते हुए उधना स्पेशल फेयर एक्सप्रेस से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई में 78 बोतल विदेशी शराब जब्त करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया गया। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 23,720 रुपये बताई गई है।
आरपीएफ इंस्पेक्टर संजीव कुमार के पर्यवेक्षण में गाड़ी संख्या 09034 अप उधना स्पेशल फेयर एक्सप्रेस में बरहरवा रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान में सीपीडीएस टीम, मालदा के सहायक उपनिरीक्षक सुरेश पासवान, हेड कांस्टेबल मो. शमीम खान, कांस्टेबल कनैया कुमार, कांस्टेबल राजा यादव तथा आरपीएफ पोस्ट बरहरवा के सहायक उपनिरीक्षक अजय कुमार हांसदा एवं हेड कांस्टेबल डी. के. मंडल शामिल रहे।
करीब सुबह 10:40 बजे ट्रेन के बरहरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंचने के बाद कोच संख्या S-10 की गहन तलाशी ली गई। इस दौरान सीट संख्या 11 के नीचे एक हरे रंग का MAGNUR ट्रॉली बैग तथा एक काले रंग का SKYBAGS बैकपैक संदिग्ध अवस्था में रखा मिला। संदेह होने पर दोनों बैगों की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
बैग मिलने के बाद सीट संख्या-11 पर यात्रा कर रहे युवक से पूछताछ की गई। प्रारंभ में वह कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका, लेकिन कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम प्रेमसागर कुमार (19 वर्ष), पिता जब्बार पासवान, निवासी टोपखाना बाजार, कटघर, थाना कोतवाली, जिला मुंगेर (बिहार) बताया। उसने स्वीकार किया कि दोनों बैग उसी के हैं तथा उनमें रखी विदेशी शराब भी उसकी ही है।
आरोपी विदेशी शराब के संबंध में कोई वैध लाइसेंस, परमिट अथवा अन्य अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह मालदा रेलवे स्टेशन से उक्त ट्रेन में सवार हुआ था। उसका उद्देश्य विदेशी शराब को जमालपुर रेलवे स्टेशन तक ले जाकर मुंगेर क्षेत्र में अवैध रूप से बेचकर आर्थिक लाभ कमाना था।
आरपीएफ द्वारा जब्त किए गए हरे रंग के MAGNUR ट्रॉली बैग से, ICONiQ White Whisky (180 मि.ली.) – 30 बोतल, कुल मूल्य ₹6,000, Royal Stag Whisky (375 मि.ली.) – 24 बोतल, कुल मूल्य ₹9,840
काले रंग के SKYBAGS बैकपैक से , Mountain Oak Whisky (180 मि.ली.) – 20 बोतल, कुल मूल्य ₹3,800, Blenders Pride Whisky (750 मि.ली.) – 4 बोतल, कुल मूल्य ₹4,080, कुल 78 बोतल विदेशी शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹23,720, बरामद की गई।
आरपीएफ अधिकारियों ने उपलब्ध गवाहों की उपस्थिति में विदेशी शराब एवं दोनों बैगों को विधिवत जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तारी के आधार और उसके कानूनी अधिकारों की जानकारी देने के बाद सभी आवश्यक वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करते हुए हिरासत में लिया गया।
इसके बाद गिरफ्तार आरोपी और जब्त विदेशी शराब को आरपीएफ पोस्ट बरहरवा लाया गया तथा अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, साहिबगंज को सूचित कर दिया गया।
आरपीएफ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रेलवे के माध्यम से अवैध शराब, मादक पदार्थ एवं अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए लगातार विशेष जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। यात्रियों से भी अपील की गई है कि यदि किसी संदिग्ध व्यक्ति अथवा सामान की जानकारी मिले तो तत्काल रेलवे सुरक्षा बल को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।



