विश्व भूगर्भ जल दिवस–2026 पर राजमहल मॉडल कॉलेज में ऑनलाइन परिचर्चा आयोजित।
“जल बचाना ही जीवन बचाना है” — प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने भूगर्भ जल संरक्षण का दिलाया संकल्प।

राजमहल साहिबगंज । राजमहल मॉडल कॉलेज में बुधवार को विश्व भूगर्भ जल दिवस–2026 के अवसर पर एक ऑनलाइन परिचर्चा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने की। परिचर्चा का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज के बीच भूगर्भ जल के महत्व, संरक्षण और उसके सतत उपयोग के प्रति जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने भूगर्भ जल को मानव जीवन के लिए “अमृत” की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि भूगर्भ जल स्वच्छ पेयजल का सबसे महत्वपूर्ण स्रोत है और वर्तमान समय में बढ़ते जल संकट को देखते हुए इसका संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि यदि आज जल संरक्षण के प्रति गंभीर प्रयास नहीं किए गए, तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ेगा।
इस वर्ष की थीम “जल और लैंगिक समानता” (Water and Gender Equality) पर प्रकाश डालते हुए प्राचार्य ने कहा कि जल संसाधनों तक समान एवं सुरक्षित पहुंच महिलाओं और पुरुषों दोनों का अधिकार है। उन्होंने बताया कि जल संकट का सबसे अधिक प्रभाव महिलाओं और बालिकाओं पर पड़ता है। इसलिए जल संरक्षण के साथ-साथ जल प्रबंधन एवं निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
उन्होंने सभी लोगों से वर्षा जल संचयन, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
परिचर्चा में छात्र अभिषेक चौधरी, छात्रा रिधि एवं मरगुबा ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भूगर्भ जल के बिना न केवल पेड़-पौधों का जीवन असंभव है, बल्कि मानव सभ्यता का अस्तित्व भी संकट में पड़ सकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से जल संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनने की अपील की।

कार्यक्रम में शिक्षा केंद्र, साहिबगंज के निदेशक एवं नॉलेज पार्टनर अनिकेत कुमार तथा उनके विद्यार्थियों ने भी सहभागिता निभाई। इस दौरान छात्र-छात्राओं में निशा कुमारी, छोटी कुमारी, बबली कुमारी, नेहा, सोनाली, पुष्पा, रेशमा एवं आदित्य सहित अन्य प्रतिभागियों ने भूगर्भ जल संरक्षण के महत्व पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य डॉ. रणजीत कुमार सिंह ने सभी प्रतिभागियों को भूगर्भ जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि “जल बचाना ही जीवन बचाना है” और प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह जल संरक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाए।कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. रमजान अली ने किया।



