जिला समन्वय समिति की बैठक में विकास योजनाओं की समीक्षा, लंबित कार्यों में तेजी लाने का निर्देश।
उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने भूमि हस्तांतरण, प्रमाण पत्र निष्पादन और विशेष गहन पुनरीक्षण के कार्यों को समयबद्ध पूरा करने पर दिया जोर।

साहिबगंज। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में जिला समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित कुमार एवं वन प्रमंडल पदाधिकारी प्रबल गर्ग मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान विभिन्न विभागों के कार्यों, लंबित मामलों और विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में मेडिकल कॉलेज, इंजीनियरिंग कॉलेज, साइंस कॉलेज, एकलव्य विद्यालय, अग्निशमन कार्यालय, नगर परिषद कार्यालय एवं श्रमिक विद्यालय के निर्माण के लिए भूमि चिह्नित करने और भूमि हस्तांतरण से संबंधित लंबित मामलों में तेजी लाने का निर्देश अंचल अधिकारियों को दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि भूमि संबंधी प्रक्रियाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक विलंब न हो।

विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा के दौरान राजमहल एवं बोरियो क्षेत्रों में प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन की गति बढ़ाने और लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया गया। वहीं, सभी प्रखंडों में जाति प्रमाण पत्र सहित जाति, निवास एवं आय प्रमाण पत्रों के लंबित आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने को कहा गया। संबंधित प्रतिवेदन नियमित रूप से उपायुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया।
प्रशासनिक कार्यों में तेजी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों एवं अंचल अधिकारियों को प्रत्येक 15 दिनों में अपने कार्यालय के कर्मियों के साथ बैठक कर लंबित मामलों और विभागीय योजनाओं की समीक्षा करने का निर्देश दिया। आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिला कोषागार पदाधिकारी को सभी कर्मियों के वेतन का भुगतान निर्धारित समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया।
बरहेट में प्रस्तावित हेलीपैड निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति कर नियमानुसार कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया। ग्रामीणों के विरोध की स्थिति में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। इसके अलावा सदर अस्पताल, साहिबगंज में सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत कराने तथा भू-अर्जन से संबंधित लंबित भुगतानों की प्रक्रिया समय पर पूरी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी विद्यालयों में शिकायत पेटी लगाने का निर्देश दिया। साथ ही शिकायत पेटी के पास उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक के मोबाइल नंबर अंकित कराने को कहा, ताकि विद्यार्थी एवं अन्य संबंधित लोग अपनी शिकायतें उचित माध्यम से दर्ज करा सकें।
बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, परियोजना निदेशक, आईटीडीए संजय कुमार दास, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो सहित जिला स्तरीय पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे।




