सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए सिद्धो-कान्हु स्टेडियम में फैंसी क्रिकेट मैच का भव्य आयोजन।
जिला प्रशासन इलेवन ने रोमांचक मुकाबले में 10 रनों से दर्ज की जीत।

साहिबगंज ।सड़क सुरक्षा के प्रति आमजनों को जागरूक करने के उद्देश्य से आज सिद्धो-कान्हु स्टेडियम में एक भव्य फैंसी क्रिकेट मैच का आयोजन किया गया। इस विशेष मुकाबले में जिला प्रशासन इलेवन और पुलिस प्रशासन इलेवन के बीच रोमांचक टक्कर देखने को मिली। मैच अंतिम गेंद तक चला, जिसमें जिला प्रशासन इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 रनों से जीत हासिल की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिला प्रशासन इलेवन ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 242 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से उपायुक्त हेमंत सती ने 40 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस प्रशासन इलेवन ने भी शानदार संघर्ष दिखाया और अंत तक मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा। हालांकि पूरी टीम 232 रन बनाकर ऑलआउट हो गई और मात्र 10 रनों से हार का सामना करना पड़ा।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेल के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना था। मैच के दौरान उपस्थित दर्शकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा के महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई।
उपायुक्त हेमंत सती ने अपने संबोधन में कहा कि सड़क पर जरा-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें और सुरक्षित जीवन की ओर कदम बढ़ाएं।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन न चलाएं, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। उन्होंने ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरस्पीडिंग और हिट एंड रन जैसी घटनाओं से बचने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने गुड सेमेरिटन कानून की भी जानकारी दी।
इस सफल आयोजन में जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम के दौरान कार्यपालक अभियंता, पथ प्रमंडल साहिबगंज अजय कुमार एवं बोदी सिन्हा को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सराहनीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी खिलाड़ियों एवं उपस्थित नागरिकों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। साथ ही सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई और सुरक्षित जीवन के लिए यातायात नियमों का पालन करने का संकल्प लिया गया।




