स्वास्थ्य जागरूकता के लिए आयुष विभाग की पहल, जिलेभर में योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित।
योग, प्राणायाम और ध्यान के माध्यम से आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश।

पाकुड़। स्वस्थ शरीर ही सफल जीवन की आधारशिला है” इसी संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयुष विभाग, पाकुड़ द्वारा जिलेभर में व्यापक स्तर पर योग एवं आयुष चिकित्सा पद्धति के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
आयुर्विद्या कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित इस पहल का मुख्य उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव लाना तथा प्राकृतिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देना है। इसी क्रम में शनिवार को जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं क्षेत्रों—पाकुड़, पाकुड़िया, हिरणपुर, महेशपुर, लिट्टीपाड़ा, अमड़ापाड़ा सहित कुल 39 स्थानों पर योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।

इन कार्यक्रमों में प्रशिक्षित योग शिक्षकों द्वारा नागरिकों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, दैनिक जीवन में योग को शामिल करने से होने वाले शारीरिक एवं मानसिक लाभों की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम के दौरान आयुष विभाग के पदाधिकारियों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग-प्रतिरोधक क्षमता मजबूत होती है, मानसिक तनाव में कमी आती है तथा सकारात्मक सोच का विकास होता है। उन्होंने यह भी कहा कि योग न केवल बीमारियों से बचाव का सशक्त माध्यम है, बल्कि एक संतुलित और सुखद जीवन जीने की कुंजी भी है।
अंत में विभाग द्वारा आमजन से अपील की गई कि वे अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाएं और एक स्वस्थ, जागरूक एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।




