
उधवा साहिबगंज।राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा प्रखंड अंतर्गत राधानगर गांव में रामनवमी के पावन अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन बड़े ही उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति के सदस्यों ने मुख्य अतिथि का अंगवस्त्र एवं फूल-माला पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने कहा कि सभी त्योहार हमें आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सभी पर्वों को मिलजुल कर शांति और सद्भाव के साथ मनाएं।

उन्होंने राधानगर गांव में जिस तरह सभी समुदाय के लोग मिलकर शांतिपूर्ण वातावरण में रामनवमी का पर्व मना रहे हैं, उसकी सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और आपसी समरसता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। स्थानीय कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों का उपस्थित लोगों ने भरपूर आनंद उठाया। पूरे गांव में उत्सव का माहौल देखने को मिला और लोगों में खासा उत्साह नजर आया।इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली उर्फ बाबू दा, सचिव विश्वजीत मंडल, राधानगर थाना प्रभारी अमर मिंज, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, वार्ड पार्षद अमीर कुमार मंडल, काजू मल्लिक, अजय दास, एकरामुल शेख, मो. मुन्ना, अजीरुद्दीन शेख, शुकरुद्दीन शेख, मो. इकबाल, सिद्धार्थ मंडल, भास्कर घोष, सनातन मंडल, मंजूर शेख, मो. नईम शेख सहित अन्य सम्मानित नागरिक मौजूद थे।
राधानगर में आयोजित यह सांस्कृतिक कार्यक्रम न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक रहा, बल्कि सामाजिक एकता, भाईचारे और सद्भाव का भी सशक्त संदेश देने में सफल रहा।




