
उधवा साहिबगंज।राजमहल विधानसभा क्षेत्र के उधवा प्रखंड अंतर्गत आतापुर में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति देखने को मिली। इस धार्मिक आयोजन में विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू मुख्य रूप से शामिल हुए।
उनके साथ प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली उर्फ बाबू दा, सचिव विश्वजीत मंडल, काजू मल्लिक, एकलाकुर रहमान, एकरामुल शेख एवं मो. मुन्ना भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर कथा का श्रवण किया तथा आयोजन समिति के सदस्यों से मुलाकात की।

कार्यक्रम के दौरान आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथियों को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर समिति के सदस्यों ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और उनके सहयोग की सराहना की।
इस मौके पर विधायक प्रतिनिधि मो. मारूफ उर्फ गुड्डू ने अपने संबोधन में कहा कि क्षेत्र में सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिलजुलकर सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार मना रहे हैं, जो समाज के लिए एक सकारात्मक संदेश है।
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि सभी त्यौहारों का आनंद भाईचारे और आपसी प्रेम के साथ उठाएं, जिससे समाज में एकता और सद्भावना बनी रहे।

श्रीमद्भागवत कथा के आयोजन से पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। कथा श्रवण के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित हो रहे हैं, जिससे आयोजन स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर है।आतापुर में आयोजित यह श्रीमद्भागवत कथा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश देने में सफल रही।



