पाकुड़ में कोषागार कार्यों की समीक्षा, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश—पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन पर जोर।
बिल-वाउचर की गहन जांच के बाद ही हो भुगतान, अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई।

पाकुड़।जिला उपायुक्त मनीष कुमार ने कोषागार पदाधिकारी, पाकुड़ एवं संबंधित कर्मियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षात्मक बैठक आयोजित की। बैठक में कोषागार से जुड़े विभिन्न कार्यों, वित्तीय अनुशासन तथा भुगतान प्रक्रिया की गहन समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने समीक्षा के दौरान स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सभी बिल एवं वाउचर का भुगतान करने से पूर्व उनकी सूक्ष्म एवं गहन जांच सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की त्रुटि, अनियमितता या अपूर्ण दस्तावेजों के आधार पर भुगतान कतई न किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मियों को वित्तीय कार्यों में पूर्ण पारदर्शिता, जवाबदेही और सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी राशि के उपयोग में निर्धारित नियमों एवं प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन अनिवार्य है। प्रत्येक भुगतान पूरी तरह वैध, प्रमाणित और नियमानुसार होना चाहिए।

बैठक में लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, अभिलेखों के समुचित संधारण तथा सभी कार्यों के समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही सभी कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें।
इस बैठक के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि वित्तीय मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।




