राजस्व वसूली में तेजी और पारदर्शिता लाने का निर्देश, उपायुक्त ने की योजनाओं की व्यापक समीक्षा।
विभिन्न विभागों की प्रगति का आकलन, लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने पर जोर।

साहिबगंज। जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय सभागार में उपायुक्त हेमंत सती की अध्यक्षता में राजस्व, आपदा प्रबंधन एवं भू-अर्जन विभागों के अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं कार्यों की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा निर्धारित लक्ष्यों के विरुद्ध राजस्व प्राप्ति एवं कार्य प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक की शुरुआत में वाणिज्य कर विभाग ने अपने वार्षिक लक्ष्य 9051.00 लाख रुपये के विरुद्ध 8646.16 लाख रुपये (81.01%) की राजस्व प्राप्ति की जानकारी दी। वहीं, उत्पाद विभाग ने 7637.83 लाख रुपये की वसूली कर 112.32% लक्ष्य प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। परिवहन विभाग ने 2591.38 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 90.87% राजस्व संग्रहण किया।

मोटर यान निरीक्षक विभाग द्वारा 231.60 लाख रुपये की वसूली करते हुए 45.69% लक्ष्य हासिल किया गया। नगर निकायों में साहिबगंज नगर परिषद ने 847.86 लाख रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 313.84 लाख रुपये की वसूली की, जबकि राजमहल नगर पंचायत ने 109.47% लक्ष्य प्राप्त कर सराहनीय प्रदर्शन किया।
अन्य विभागों में मापतौल विभाग ने 64.43%, मत्स्य विभाग ने 90.89% तथा विद्युत बोर्ड ने 10800.00 लाख रुपये की वसूली कर 101.24% लक्ष्य हासिल किया।
बैठक के दौरान अक्टूबर माह में भू-सेस, भू-लगान, दाखिल-खारिज, परिशोधन, जीएम लैंड एवं भूमि अधियाचन से संबंधित मामलों की भी गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व संग्रहण से जुड़ी प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर आम जनता तक पहुँच सके।

इसके पश्चात आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारियों तथा भू-अर्जन विभाग के अंतर्गत संचालित योजनाओं की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की स्थिति का आकलन करते हुए लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
विशेष रूप से एनएचआई फेज-02 के तहत भूमि अधिग्रहण कार्यों को तेजी से पूरा करने पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि इस परियोजना से जिले के विकास को नई गति मिलेगी, इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करें।
बैठक में अपर समाहर्ता गौतम भगत, अनुमंडल पदाधिकारी साहिबगंज अमर जॉन आईन्द, अनुमंडल पदाधिकारी राजमहल सदानंद महतो, जिला खनन पदाधिकारी कृष्ण कुमार किस्कू, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी छुटेश्वर दास, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथलेश कुमार चौधरी, जिला मत्स्य पदाधिकारी विरेन्द्र विन्हा सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।




