Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था को मिलेगी मजबूती: राजमहल व उधवा में तीन स्वास्थ्य उपकेंद्रों का शिलान्यास।

विधायक एमटी राजा ने कहा—बेहतर भवन और नियमित सेवाओं से ग्रामीणों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण इलाज।

साहिबगंज जिले में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने तीन नए स्वास्थ्य उपकेंद्रों का शिलान्यास किया। इनमें राजमहल प्रखंड के नारायणपुर स्वास्थ्य उपकेंद्र तथा उधवा प्रखंड के प्यारपुर और पश्चिम उधवा स्वास्थ्य उपकेंद्र शामिल हैं।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक एमटी राजा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भी शहरी स्तर की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों के भवन निर्माण से स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित रूप से बैठने और सेवाएं देने में सुविधा होगी, जिससे क्षेत्र के लोगों को समय पर और बेहतर इलाज मिल सकेगा।

उन्होंने आगे कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसी सोच के तहत इन योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। नए भवन बनने के बाद क्षेत्र के लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता रमाकांत, विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, सिविल सर्जन डॉ. रामदेव पासवान, बीडीओ जयंत कुमार तिवारी, राजमहल अनुमंडलीय अस्पताल के प्रभारी उपाधीक्षक डॉ. उदय टुडू, उधवा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. गुफरान आलम, थाना प्रभारी अमर मिंज, सहायक अभियंता प्रेम कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित थे।

इसके अलावा जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारीक शेख, रानी हांसदा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान, उधवा प्रखंड अध्यक्ष अयूब अली उर्फ बाबू दा, सचिव विश्वजीत मंडल, दुर्गा मंडल, नगर अध्यक्ष मो. आजाद, घीसु शेख, काजू मल्लिक, अबेदीन शेख, विकास यादव, अजय दास, भैया किस्कू, सकल हेम्ब्रम, अली कमीशन, मो. वदुद समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

स्थानीय लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि जल्द ही इन स्वास्थ्य उपकेंद्रों का निर्माण पूरा होगा और क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का स्तर और बेहतर होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!