राजमहल में नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का भव्य उद्घाटन, विधायक एमटी राजा ने बैडमिंटन खेलकर युवाओं को किया प्रेरित।

राजमहल साहिबगंज। राजमहल प्रखंड कार्यालय परिसर में नवनिर्मित इंडोर स्टेडियम का विधिवत उद्घाटन राजमहल विधायक मो. ताजुद्दीन उर्फ एमटी राजा ने किया। उद्घाटन के अवसर पर विधायक ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर खिलाड़ियों और युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
इस मौके पर विधायक ने कहा कि क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। आउटडोर स्टेडियम के बाद अब इंडोर स्टेडियम की सुविधा मिलने से खिलाड़ियों को हर मौसम में अभ्यास करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्टेडियम का संचालन बेहतर तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा एवं खिलाड़ी इसका लाभ उठा सकें।

उन्होंने आगे कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए जरूरी है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना को भी मजबूत करता है। सरकार की मंशा है कि ग्रामीण और छोटे शहरों के खिलाड़ियों को भी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, जिससे वे राज्य और देश स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।
इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता रमाकांत, विधायक प्रतिनिधि सह नगर पंचायत उपाध्यक्ष मो. मारूफ उर्फ गुड्डू, सहायक अभियंता प्रेम कुमार, जिला परिषद सदस्य अब्दुल बारीक शेख, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष अनिसुर रहमान, सचिव दुर्गा मंडल, नगर अध्यक्ष मो. आजाद, घीसु शेख, विकास यादव, अजय दास, आलोक राय, जाकिर शेख, मो. वदूद, श्रवण यादव, सुभाष मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राजमहल में इंडोर स्टेडियम का उद्घाटन क्षेत्र के खेल विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और अभ्यास का अवसर मिलेगा, जिससे वे भविष्य में उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे।




