Welcome to Jharkhand Sahibganj News   Click to listen highlighted text! Welcome to Jharkhand Sahibganj News
झारखंड

ईद पर चाक-चौबंद रही सुरक्षा व्यवस्था, डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण; जिलेवासियों को दी हार्दिक शुभकामनाएं।

ईदगाह, मस्जिदों और प्रमुख स्थलों का दौरा कर प्रशासन ने लिया हालात का जायजा, शांति-सौहार्द बनाए रखने की अपील।

पाकुड़। ईद-उल-फितर के पावन अवसर पर जिले में शांति, सौहार्द और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से विभिन्न ईदगाह, मस्जिदों और प्रमुख चौक-चौराहों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने गांधी चौक स्थित मस्जिद, ईदगाह तथा हरिणडंगा कब्रिस्तान का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने रोजेदारों से मुलाकात कर उन्हें ईद की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। साथ ही बच्चों को स्नेहपूर्वक गले लगाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं, जिससे माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि ईद का त्योहार आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द का प्रतीक है। यह पर्व लोगों को गिले-शिकवे भुलाकर एक-दूसरे के करीब लाता है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि सभी लोग इस पर्व को शांति, सद्भाव और सामाजिक समरसता के साथ मनाएं।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने बताया कि जिले में ईद का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं तैयार है।

सुरक्षा के दृष्टिकोण से जिले के सभी ईदगाह, मस्जिदों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। साथ ही जिला कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।

उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने तैनात दंडाधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाएं।

इस दौरान अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पाकुड़), डीएसपी सहित कई अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा नगर थाना प्रभारी उपस्थित रहे।

उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने समस्त जिलेवासियों को ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए अमन-चैन, भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ पर्व मनाने की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!