डीएलसीसी-डीसीसी बैठक में अपर समाहर्ता का निर्देश: लंबित बैंक आवेदनों का करें त्वरित निष्पादन।
कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में बैंक निभाएं सक्रिय भूमिका – जेम्स सुरीन।

पाकुड़। अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) एवं जिला स्तरीय साख समिति (डीसीसी) की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2025–26 की वार्षिक ऋण योजना, तृतीय तिमाही की प्रगति, ऋण-जमा अनुपात (सीडी रेशियो) सहित विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की गहन समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (KCC), प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP), पीएमएफएमई, मत्स्य एवं डेयरी योजनाएं, स्वयं सहायता समूह (SHG) वित्तपोषण, पीएम स्वनिधि, आरसेटी, एनपीए खातों की स्थिति तथा सीएफएल-एफएलसी के माध्यम से आयोजित वित्तीय साक्षरता शिविरों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।
इसके साथ ही नीति आयोग के अंतर्गत संचालित योजनाएं—प्रधानमंत्री जन धन योजना (PMJDY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री मुद्रा योजना (PMMY) एवं अटल पेंशन योजना (APY) की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए जिले को कुल 1596 करोड़ रुपये का ऋण लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसके विरुद्ध तृतीय तिमाही तक 782.90 करोड़ रुपये की उपलब्धि हासिल की गई है। जिले का सीडी रेशियो 62.76 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो राज्य में तीसरे स्थान पर है।
अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी बैंक प्रबंधकों को निर्देश दिया कि प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी पात्र लाभुक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
उन्होंने विशेष रूप से किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की समीक्षा करते हुए कहा कि योग्य किसानों को समय पर ऋण उपलब्ध कराना बैंकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। साथ ही पीएमईजीपी एवं अन्य स्वरोजगार योजनाओं के लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने का निर्देश दिया।

अपर समाहर्ता ने बैंकों को संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर जरूरतमंदों तक पहुंचेगा और जिले के समग्र आर्थिक विकास को गति मिलेगी।
बैठक में विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, सांसद प्रतिनिधि श्याम यादव, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक अमित कुमार सिंह सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




