पाकुड़ में जिला शांति समिति की बैठक: रामनवमी, ईद समेत प्रमुख पर्वों को लेकर प्रशासन अलर्ट।
उपायुक्त मनीष कुमार व पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में बैठक, शांति, सुरक्षा और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील।

पाकुड़। रामनवमी, गुड फ्राइडे, ईस्टर, ईद, सरहुल एवं चैती दुर्गा पूजा के मद्देनजर पाकुड़ जिले में शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में आगामी त्योहारों के दौरान विधि-व्यवस्था, शांति, जनसुविधाओं एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही शांति समिति के सदस्यों से सुझाव प्राप्त कर समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध समाधान का आश्वासन दिया गया।

उपायुक्त मनीष कुमार ने जिलेवासियों को सभी आगामी पर्वों की शुभकामनाएं देते हुए आपसी भाईचारा और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि “दूसरों के त्योहारों का सम्मान करना ही हमारी गंगा-जमुनी तहजीब की पहचान है।”
उन्होंने अफवाहों और फेक न्यूज से बचने की सलाह देते हुए कहा कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी पुष्टि अवश्य करें।
उपायुक्त ने शांति बनाए रखने के लिए पाँच मूल मंत्र भी दिए , संयम एवं धैर्य बनाए रखें, अफवाहों से बचें, सत्यापन के बाद ही सूचना साझा करें, आसपास की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखें, सभी धर्मों और पर्वों का सम्मान करें
उन्होंने बताया कि प्रमुख चौक-चौराहों पर दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही सीसीटीवी एवं ड्रोन से निगरानी की जाएगी तथा 24×7 जिला नियंत्रण कक्ष सक्रिय रहेगा।

पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने कहा कि त्योहारों को “वसुधैव कुटुंबकम” की भावना से मनाया जाना चाहिए। उन्होंने जानकारी दी कि रामनवमी एवं ईद के अवसर पर लगभग 370 पुलिस बल तैनात किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि संवेदनशील स्थलों का भौतिक सत्यापन किया जा चुका है, सोशल मीडिया निगरानी के लिए विशेष टीम सक्रिय है, अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित एवं सख्त कार्रवाई होगी
बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए जुलूस में केवल प्रशिक्षित लोग ही पारंपरिक अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन करेंगे, जुलूस निर्धारित रूट चार्ट के अनुसार ही निकाला जाएगा, विसर्जन जुलूस तय समयसीमा में ही संपन्न होगा, संवेदनशील स्थलों पर विशेष चौकसी रखी जाएगी, साथ ही जुलूस के दौरान शराब या मादक पदार्थों के सेवन एवं अश्लील आपत्तिजनक गीतों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

प्रशासन द्वारा साफ-सफाई, पेयजल, बिजली एवं प्रकाश व्यवस्था को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं, ताकि त्योहारों के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
अंत में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने शांति समिति के सदस्यों एवं समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की कि वे समाज में सकारात्मक संदेश फैलाएं और सभी पर्वों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करें।
परियोजना निदेशक (आईटीडीए) अरुण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अमरेंद्र कुमार चौधरी, पाकुड़ एसडीपीओ डीएन आजाद, महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार सहित सभी बीडीओ, सीओ, थाना प्रभारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




